हैलट के न्यूरोसर्जरी वार्ड में चिकनपॉक्स का संक्रमण, डॉक्टर-नर्स समेत छह संक्रमित

हैलट के न्यूरोसर्जरी वार्ड में चिकनपॉक्स का संक्रमण, डॉक्टर-नर्स समेत छह संक्रमित

संक्रमित तीमारदार से मरीज तक पहुंची बीमारी, संपर्क में आए दो मरीज और तीन स्वास्थ्यकर्मी भी चपेट में

कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल स्थित सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक के न्यूरोसर्जरी वार्ड में चिकनपॉक्स का संक्रमण फैलने से हड़कंप मच गया। न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती एक मरीज को देखने आया तीमारदार पहले से चिकनपॉक्स से संक्रमित बताया जा रहा है। उसके संपर्क में आने के बाद भर्ती मरीज में भी संक्रमण के लक्षण सामने आए। इसके बाद मरीज के संपर्क में आए दो अन्य मरीजों समेत एक नॉन-पीजी जूनियर रेजिडेंट और तीन नर्सों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गंभीर हालत में एक मरीज को न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया था। उससे मिलने उसका तीमारदार अस्पताल पहुंचा। बाद में जानकारी हुई कि तीमारदार पहले से चिकनपॉक्स से संक्रमित था। उसके संपर्क में आने के बाद भर्ती मरीज में बीमारी के लक्षण दिखाई देने लगे।

मरीज में संक्रमण की पुष्टि होने और उसे आइसोलेट किए जाने तक उसके इलाज व देखभाल में लगे डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ भी उसके संपर्क में आ चुके थे। इसके बाद वार्ड में अन्य मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में भी संक्रमण के लक्षण दिखाई देने लगे।

डॉक्टर समेत तीन कर्मचारियों में संक्रमण

लक्षण सामने आने के बाद संबंधित डॉक्टर और कर्मचारियों की जांच कराई गई। जांच में एक नॉन-पीजी जूनियर रेजिडेंट और तीन नर्सों समेत स्वास्थ्यकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमित डॉक्टर व कर्मचारियों को आइसोलेट कर दिया गया है।

वहीं, संक्रमित मरीज के आसपास भर्ती दो अन्य मरीजों को भी अलग रखा गया है। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में दवाएं दी जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण को आगे फैलने से रोकने के लिए संक्रमित मरीजों और कर्मचारियों को अलग रखने की व्यवस्था की है।

वार्ड में बढ़ाई गई सतर्कता

संक्रमण सामने आने के बाद न्यूरोसर्जरी वार्ड में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संपर्क में आए मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों पर नजर रखी जा रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *