पत्नी से विवाद के बाद युवक की मौत, कमरे में अचेत मिला शव
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गड़रियन पुरवा गांव में बुधवार देर रात पत्नी से विवाद के बाद 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ देर बाद पत्नी कमरे में पहुंची तो पति सुशील राजपूत अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पड़ोसियों की मदद से उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विवाद के बाद कमरे में चला गया था सुशील
गड़रियन पुरवा निवासी गौरी शंकर मजदूरी करते हैं। उनका बेटा सुशील राजपूत पत्नी सावित्री देवी और दो बच्चों युवराज व प्रशांत के साथ अलग रहता था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार देर रात किसी बात को लेकर सुशील और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सुशील कमरे में चला गया।
अचेत हालत में मिला युवक
कुछ देर बाद सावित्री कमरे में पहुंची तो पति को अचेत हालत में देखकर शोर मचाया। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और सुशील को तत्काल निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि 112 के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर भी जांच की जाएगी।

