त्योहारों से पहले हवाई सफर महंगा, कानपुर से दिल्ली-मुंबई-बंगलुरू की उड़ानों के किराए में उछाल
कानपुर। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही हवाई यात्रियों की जेब पर महंगाई का असर दिखने लगा है। विमान ईंधन की कीमतों में सितंबर और अक्टूबर के दौरान करीब 13 फीसदी की बढ़ोतरी के बीच इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर चार्ज बढ़ा दिए हैं। इसका सीधा असर हवाई टिकटों के किराए पर पड़ा है। कानपुर से दिल्ली, मुंबई और बंगलुरू जाने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग से किराए में और इजाफा होने की संभावना है।
कानपुर एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई के लिए रोजाना उड़ान संचालित होती है, जबकि बंगलुरू के लिए सोमवार, बुधवार और शनिवार को फ्लाइट उपलब्ध है। मौजूदा किराए की तुलना में दिल्ली रूट पर औसत किराए में करीब 68 फीसदी, मुंबई में 51 फीसदी और बंगलुरू रूट पर करीब 56 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में नवरात्र, दशहरा और दीपावली के दौरान हवाई यात्रा करने वालों का बजट बिगड़ सकता है।
दिल्ली का सफर 600 रुपये महंगा
कानपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट का किराया पहले करीब 4,374 रुपये था, जो अब बढ़कर 4,974 रुपये तक पहुंच गया है। यानी यात्रियों को करीब 600 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। त्योहारों के दौरान सीटों की मांग बढ़ने पर किराया और ऊपर जाने की संभावना है।
मुंबई के लिए भी बढ़ा खर्च
कानपुर से मुंबई की उड़ान का किराया पहले करीब 6,173 रुपये था। अब यही टिकट करीब 6,773 रुपये में मिल रहा है। यानी यात्रियों पर करीब 600 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ा है। मुंबई रूट पर रोजाना उड़ान होने के बावजूद त्योहारों के दौरान बढ़ती बुकिंग के कारण किराए में तेजी बनी हुई है।
बंगलुरू का टिकट सबसे ज्यादा महंगा
कानपुर से बंगलुरू जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है। पहले इस रूट का किराया करीब 8,222 रुपये था, जो अब बढ़कर 8,967 से 9,420 रुपये तक पहुंच गया है। यानी यात्रियों को करीब 745 से 1,198 रुपये तक अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं।
ईंधन और बढ़ती मांग का असर
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि विमान ईंधन के दाम बढ़ने से फ्यूल चार्ज में वृद्धि हुई है। इसके साथ ही त्योहारों के समय यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने के कारण हवाई टिकटों के दाम भी बढ़े हैं।

