अक्टूबर में फिर चढ़ा पारा, तेज धूप और उमस ने बढ़ाई बेचैनी
कानपुर में सोमवार को साफ रहा आसमान, 35 डिग्री तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान; उमस के कारण 41 डिग्री जैसा महसूस होगा
कानपुर। अक्टूबर की शुरुआत में कानपुर में गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप निकली। धूप के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उमस अधिक होने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से करीब छह डिग्री अधिक यानी 41 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो सकता है। हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल मौसम साफ और गर्म रहने के आसार हैं। दिन में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ेगा। वहीं वातावरण में नमी अधिक होने से हीट इंडेक्स भी ज्यादा रह सकता है। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। शाम से सुबह तक तापमान में कुछ कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन उमस बनी रहने के कारण पसीना और बेचैनी परेशान कर सकती है।
तेज धूप और उमस ने किया बेहाल
सीएसए की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार रविवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 82 प्रतिशत दर्ज की गई।
रविवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। तापमान सामान्य से अधिक रहने के साथ वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय धूप की तल्खी सबसे ज्यादा महसूस हुई।
गर्मी-उमस में शरीर को ऐसे रखें ठंडा
- डॉ. प्रवीण कटियार ने बताया कि तेज धूप और उमस के कारण शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। इससे थकान, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- उन्होंने सलाह दी कि गर्मी और उमस के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकलें और बाहर जाते समय धूप से बचाव करें। बहुत देर तक सीधे धूप में खड़े रहने या काम करने से बचना चाहिए।
- हल्के और ढीले कपड़े पहनना भी शरीर को गर्मी से बचाने में मदद करता है। यदि धूप में रहने के दौरान बेचैनी, कमजोरी या चक्कर महसूस हों तो तुरंत ठंडी और हवादार जगह पर जाएं, शरीर को आराम दें और पर्याप्त पानी पिएं।

