इलाज के नाम पर 20 हजार जमा कराए, मरीज की मौत के बाद अस्पताल में पथराव

इलाज के नाम पर 20 हजार जमा कराए, मरीज की मौत के बाद अस्पताल में पथराव

हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल ले गए परिजन, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा, दोनों पक्षों से कई लोग घायल

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार व मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा।

मृतक के पिता अमित यादव का आरोप है कि अस्पताल संचालक विपिन और नवनीत ने मरीज प्रांशु को जल्द ठीक करने का भरोसा देकर अस्पताल में भर्ती किया था। इलाज के नाम पर उनसे पहले 20 हजार रुपये जमा कराए गए। आरोप है कि भर्ती करने के बाद करीब तीन दिन तक मरीज का समुचित उपचार नहीं किया गया। हालत बिगड़ने के बाद उसे दूसरे अस्पताल भेज दिया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हालत बिगड़ी तो दूसरे अस्पताल भेजा

परिजनों के मुताबिक, रविवार देर शाम अचानक प्रांशु की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद अस्पताल संचालकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही। परिजन आनन-फानन प्रांशु को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन शव लेकर वापस रुद्र अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने अस्पताल संचालक और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

हंगामे के बाद दोनों पक्षों में पथराव

अस्पताल में हंगामे के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि अस्पताल संचालक और उनके साथ मौजूद लोगों की ओर से भी पथराव किया गया। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर और आसपास अफरातफरी मच गई।

पथराव में परिजनों की ओर से रिश्तेदारी में शामिल दरोगा बलवान सिंह समेत करीब पांच लोगों के सिर में चोट आई। वहीं अस्पताल पक्ष के दो लोगों के भी घायल होने की जानकारी है। पथराव के दौरान कई लोगों के सिर में चोट लगी।

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।

घायलों का कराया गया मेडिकल

पुलिस ने पथराव में घायल सभी लोगों को बारासिरोही सीएचसी भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक पुलिस बल तैनात रहा। देर रात तक परिजन अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया।

चार साल पहले हुई थी शादी, तीन साल की बेटी

परिजनों के मुताबिक, प्रांशु की करीब चार साल पहले शिवली निवासी निधि से शादी हुई थी। दंपती की तीन साल की बेटी है। प्रांशु की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *