हूतियों पर टूट पड़े यमन-सऊदी के 100 फाइटर जेट्स… एयरपोर्ट पर कब्जा, बाब अल-मंदेब पर भी बढ़ा प्रेशर
यमन की सेना ने हूती ठिकानों पर 1,000 से ज्यादा हमलों का ऐलान किया, जबकि सरकार ने कब्जे वाले इलाके वापस लेने की नई मुहिम शुरू की है। लेकिन जमीन पर हूती बढ़त जारी है, ताइज पर दबाव बढ़ा है और बाब अल-मंदेब के पास टकराव से संकट गहरा सकता है।

यमन में हूतियों के खिलाफ जंग अब बड़े मोड़ पर पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार की सेना ने ईरान समर्थित हूतियों के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है। यमनी सरकारी बलों ने दावा किया है कि उन्होंने धुबाब एयरपोर्ट पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। साथ ही धुबाब जिले के बड़े हिस्से पर भी कब्जे की बात कही गई है। इस ऑपरेशन में यमन-सऊदी के कमोबेश 100 विमानों के शामिल होने का दावा है।
यमनी सेना ने इस अभियान को ‘डॉन ऑफ यमन’ नाम दिया है और उसका सबसे बड़ा लक्ष्य रणनीतिक बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर नियंत्रण हासिल करना बताया जा रहा है। सेना के मुताबिक इसके लिए जमीन और हवा, दोनों तरफ से कार्रवाई तेज की गई है। सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन यमनी सेना को जमीन पर एयर कवर दे रहा है और बाब अल-मंदेब के लिए हवाई सुरक्षा भी उपलब्ध करा रहा है।

