मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, तेज धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी

मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, तेज धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी

दोपहर बाद कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार, इस सीजन अब तक सामान्य से 77 प्रतिशत अधिक बारिश

कानपुर। मानसून की विदाई का दौर करीब आते ही कानपुर के मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही। इसके साथ बढ़ी उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में अधिकांश समय धूप रहने की संभावना है। हालांकि दोपहर बाद स्थानीय स्तर पर बादल विकसित होने से कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक कानपुर में अब मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है। सुबह तेज धूप रहने के बाद दोपहर में स्थानीय स्तर पर बादल बन सकते हैं। इससे कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं, लेकिन पूरे दिन बारिश जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। अधिकांश समय मौसम साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।

1094.3 मिमी बारिश, सामान्य से 77 प्रतिशत ज्यादा

कानपुर में इस मानसून सीजन एक जून से अब तक 1094.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य बारिश 618.7 मिलीमीटर के मुकाबले करीब 77 प्रतिशत अधिक है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय बाद शहर में मानसून के दौरान इतनी अधिक बारिश दर्ज हुई है। अब मानसून की विदाई करीब होने के साथ भारी बारिश की संभावना बेहद कम रह गई है।

अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री

सीएसए की सोमवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार कानपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। सुबह से निकली तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *