घाटमपुर रेलवे क्रॉसिंग दो रात बंद रहेगा आवागमन, आज से रूट डायवर्जन
घाटमपुर। कानपुर-बांदा रेलवे लाइन स्थित घाटमपुर रेलवे क्रॉसिंग (रेलवे समपार संख्या-60) पर मरम्मत कार्य के चलते 5 और 6 अक्टूबर की रात यातायात प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहनों के सुचारु संचालन के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 5 अक्टूबर रात 10 बजे से 6 अक्टूबर सुबह छह बजे और 6 अक्टूबर रात 10 बजे से 7 अक्टूबर सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगी।
फतेहपुर-जहानाबाद की ओर से आने वाले वाहन:
फतेहपुर, चौडगरा और जहानाबाद से घाटमपुर व मूसानगर की ओर आने वाले वाहनों को परास मोड़ से बाएं मुड़कर आनूपुर मोड़ पहुंचना होगा। यहां से दाएं मुड़कर घाटमपुर चौराहा होते हुए गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
कानपुर-नौबस्ता की ओर से आने वाले वाहन: कानपुर नगर और नौबस्ता की ओर से आने वाले वाहन घाटमपुर चौराहा से फतेहपुर, चौडगरा और जहानाबाद की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें घाटमपुर चौराहा से सीधे आनूपुर मोड़, फिर बाएं मुड़कर परास चौराहा होते हुए आगे जाना होगा।
हमीरपुर से आने वाले वाहन:
हमीरपुर से आने वाले वाहनों को भी घाटमपुर चौराहा से फतेहपुर, चौडगरा और जहानाबाद की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन आनूपुर मोड़ से दाएं मुड़कर परास चौराहा होते हुए आगे जा सकेंगे।
मूसानगर की ओर से आने वाले वाहन: मूसानगर से आने वाले वाहन घाटमपुर चौराहा से दाएं मुड़कर आनूपुर मोड़ पहुंचेंगे। यहां से बाएं मुड़कर परास चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने आमजन के साथ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन से डायवर्जन व्यवस्था का अधिक से अधिक प्रचार करने की अपील की है। किसी परेशानी की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9305104340 और ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 पर संपर्क किया जा सकता है।

