गड्ढे से अनियंत्रित हुई बाइक, सामने से आ रही बाइक से टकराई

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर फ्लाईओवर पर मंगलवार रात सड़क के गड्ढे के कारण दो बाइक आपस में टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।

देहली सुजानपुर केडीए कॉलोनी निवासी शिवा वर्मा मंगलवार रात बाइक से पीएसी की ओर से श्याम नगर जा रहे थे। इसी दौरान कोयला नगर निवासी कमल जायसवाल श्याम नगर पुल से बाइक लेकर पीएसी की ओर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवा की बाइक अचानक सड़क के गड्ढे में चली गई। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही कमल की बाइक से टकरा गई।

टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद शिवा के परिजन उन्हें रामादेवी स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहीं, कमल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।

स्थानीय निवासी सुमित, अयान, राजकमल समेत अन्य लोगों ने बताया कि श्याम नगर फ्लाईओवर और आसपास की सड़कें काफी खराब हैं। लोगों के मुताबिक, फ्लाईओवर पर जगह-जगह 100 से अधिक गड्ढे हो गए हैं। इनकी वजह से आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *