गलत दिशा से ओवरटेक करने में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत, चार गंभीर
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ चुंगी जीटी रोड हाईवे के पास गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गलत दिशा से ओवरटेक करने के प्रयास में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चार घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, नानकारी निवासी मयंक दुबे, सिंहपुर निवासी शुभम मिश्रा और तन्वी एक बाइक पर सवार होकर मंधना से आईआईटी गेट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नारामऊ की तरफ से आईआईटी गेट की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
गलत दिशा से ओवरटेक करना पड़ा भारी
बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार तेज रफ्तार में गलत दिशा से दूसरे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
एक युवक ने तोड़ा दम, चार का उपचार जारी
दूसरी बाइक पर सवार कल्याणपुर निवासी रंजीत सोनकर को सीएचसी चौबेपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके साथी बैरीअकबरपुर निवासी सुजीत की हालत गंभीर होने पर उन्हें रामा अस्पताल मंधना में भर्ती कराया गया है।
पहली बाइक पर सवार मयंक दुबे, शुभम मिश्रा और तन्वी को कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।


