उत्तराखंड में बर्फबारी से 136 पर्वतारोही फंसे

उत्तराखंड में बर्फबारी से 136 पर्वतारोही फंसे

यूपी के गोंडा-बदायूं में पुल डूबे, बिहार के 2 जिलों में बाढ़, 82 हजार लोग प्रभावित
नई दिल्ली। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली की 21, नैनीताल की 18 और पिथौरागढ़ की 15 सड़कें शामिल हैं। बर्फबारी के बीच उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंसे हैं। उनका रेस्क्यू किया जा रहा है।
वहीं, नेपाल से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने के बाद बिहार के पश्चिम चंपारण और सुपौल के 23 गांवों में बाढ़ आ गई। बाढ़ से करीब 82 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में 4 दिनों से लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। आंधी-बारिश से पिछले 2 दिनों में 63 लोगों की मौत हुई है।
प्रदेश में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कुशीनगर में 2 गांवों के 1,400 परिवार प्रभावित हैं। राज्य के 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में हो रही भारी बारिश से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के कई इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में तीन दिनों से बारिश हो रही है।
छत्तीसगढ़ में बाढ़ के बीच आईएएफ ने 12 लोगों का रेस्क्यू किया
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के पास इंद्रावती नदी में बाढ़ के कारण फंसे 12 लोगों को इंडियन एयरफोर्स (आईएएफ) ने हेलिकॉप्टर से सुरक्षित बचाया। ये लोग डोंगाघाट गांव के पास नदी के किनारे कच्ची झोपड़ी की छत पर फंसे थे। बाढ़ का पानी बढ़ने से छत गिरने का खतरा था। एक गरुड़ कमांडो को छत पर उतारकर लोगों को हेलिकॉप्टर में सुरक्षित पहुंचाया गया।
केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड, 1500 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू
उत्तराखंड के केदारनाथ मार्ग पर चिरबासा के पास लैंडस्लाइड के कारण फंसे करीब 1500 श्रद्धालुओं को एसडीआरएफ , एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की जॉइंट टीमों ने सुरक्षित निकाल लिया।
श्रद्धालुओं को मलबे वाले रास्ते से निकालकर गौरीकुंड पहुंचाया गया। लगातार पत्थर गिरने से रास्ता खतरनाक बना हुआ था।
राजस्थान: 13 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, श्रीगंगानगर में आंधी चली
राजस्थान के 13 जिलों में सोमवार को तेज हवा चलने और बारिश का यलो अलर्ट है। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। श्रीगंगानगर में आज सुबह 9:22 बजे आंधी चली। इससे दिन में अंधेरा जैसा हो गया। बूंदाबांदी भी हुई।
हिमाचल प्रदेश: बारिश-बर्फबारी से ठंड बढ़ी, कल्पा का पारा सामान्य से 12.1 डिग्नी सेल्सियस नीचे गिरा
हिमाचल प्रदेश में ताजा बारिश और बर्फबारी के बाद कई भागों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। किन्नौर के कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 8.2 डिग्री रह गया है।
छत्तीसगढ़: 12 जिलों में 40 किमी. रफ्तार से हवा चलेगी, रायपुर-दुर्ग बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 12 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। तापमान की बात करें तो दुर्ग 31.6 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं अंबिकापुर और पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश: 37.7 इंच बारिश, यह कोटे की 95.8%
मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई एक सप्ताह के अंदर होने लगेगी। मौसम केंद्र, भोपाल के मुताबिक- अगले 4 दिन प्रदेश के किसी भी जिले में अति भारी या भारी बारिश होने का अनुमान नहीं है। मंगलवार से उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज धूप खिलेगी।
यूपी: नदियां उफनाईं, 600 परिवारों ने घर छोड़ा, 8 शहरों में स्कूल बंद
यूपी में 4 दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं। 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई गांवों में पानी घुस गया है। कुशीनगर के 2 गांवों के 1,400 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। 600 परिवार अपना घर छोड़कर तटबंध पर रहने को मजबूर हैं।
उत्तराखंड: आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद, 7 जिलों में यलो अलर्ट
उत्तराखंड में आज मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, देहरादून और हरिद्वार में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, लैंडस्लाइड से आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली की 21, नैनीताल की 18 और पिथौरागढ़ की 15 सड़कें शामिल हैं।
बिहार: नेपाल ने 6.52 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, 28 साल का रिकॉर्ड टूटा
नेपाल के तराई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। नेपाल के देवघाट गेज स्टेशन से रिकॉर्ड 6.52 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। इससे पहले 27 अगस्त 1999 को 5.26 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *