विराट कोहली के नए अवतार ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर गदगद
तिरुवनंतपुरम। ‘नए अवतार’ से मोहम्मद कैफ गदगद हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर कैफ ने कहा कि कोहली अब बिल्कुल अलग तरह से बैटिंग कर रहे हैं, जो पहले कभी नहीं की। कोहली ने तिरुवनंतपुरम वनडे में शतक ठोका। भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली की शान में कसीदा पढ़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल लोगों ने कोहली को संन्यास लेने की सलाह दी थी लेकिन अब किसी की मजाल नहीं कि उनको टच कर पाए। 37 वर्षीय कोहली ने रविवार को तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में तूफानी शतकीय पारी खेली। वह 88 गेंदों में 10 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 139 रन बनाकर नाबाद लौटे। कोहली ने पहली बार एक वनडे पारी में 9 छक्के मारे। उनके शतक की बदौलत भारत ने 296 रनों का टारगेट 41.4 ओवर में चेज किया। बता दें कि कोहली अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार दो वनडे मैचों में शून्य पर आउट हो गए थे, जिसके बाद वह आलचोकों के निशाने पर आए। हालांकि, कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में तीसरे वनडे में नाबाद 74 रन बनाकर आलोचकों का मुंह बंद कर दिया था। वह टेस्ट और T20I से रिटायर हो चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं। कोहली 15000 वनडे रन पूरे करने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं।
‘कोहली अपना नया अवतार लेकर आए’
कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ”मुझे अभी भी याद है, जब विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में बैक-टू-बैक शून्य पर आउट हुए थे तो लोगों ने कहा था कि आपसे नहीं हो रहा, अब संन्यास ले लो। आपको पता है उसके बाद कोहली ने क्या किया? उन्होंने तब से 11 वनडे पारियां खेली हैं और 900 प्लस रन बना दिए हैं, जिसमें चार शतक हैं। अगर आप महीने के हिसाब से देखें तो हर महीने एक मैच। दरअसल, वनडे मैच उतने नहीं होते हैं। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल नहीं खेलते, उसके बावजूद कोहली ने पहले वनडे में कमाल की बैटिंग की। कोहली वैसे तो बाउंड्री हिटर हैं लेकिन इस मैच में उन्होंने 9 छक्के लगाए। उन्होंने 10 चौके जमाए। उन्होंने महज 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए। कोहली ने ऐसे पहले कभी नहीं किया। यह नया काम हो रहा है। कोहली अपना नया अवतार लेकर आए हैं।”
पूर्व बल्लेबाज ने आगे कहा, ”कोहली 37 साल के हैं। उनका 18 साल का करियर है। उन्होंने उतार-चढ़ाव देखे हैं। खून के आंसू भी पिए हैं। बल्ला आपका शस्त्र होता है। बल्ला चलेगा तो किसी की मजाल नहीं कि आपको टच कर पाए। कोई टच नहीं कर पाएगा। यह कोहली ने यह ठान लिया है। वह आईपीएल में खेलते हैं, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बैक-टू-बैक चैंपियन बन गई। वह आईपीएल 2026 फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच थे। जब वह वनडे में खेलते हैं तो हर मैच में रन बनाते हैं। वह शानदार काम कर रहे हैं। युवा उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं। युवा उनसे फिटनेस, भूख, तपस्या, कड़ी मेहनत और लगातार एक मुकाम पर खुद को बरकरार रखना सीख सकते हैं। वह जब भी भारत के लिए नीली जर्सी में उतरते हैं तो उनका अंतिम लक्ष्य टीम को जीतकर नाबाद आना होता है। यह हैं विराट कोहली। 15 हजार रन कंप्लीट करने के लिए शुभकामनाएं।”
पहले वनडे के बाद क्या बोले विराट कोहली?
कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे के बाद प्रसारक से बातचीत में कहा, ”मेरा ध्यान कभी इन उपलब्धियों पर नहीं रहा। मेरा ध्यान बस स्थिति को समझने और टीम के लिए अपना काम करने पर रहा है। उपलब्धियां अपने आप साथ आती हैं।” उन्होंने कहा, ”इतने लंबे समय तक खेलने और इस मुकाम पर पहुंचने के लिए मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली और ईश्वर का आभारी मानता हूं। बस सिर झुकाकर मेहनत करते रहना और जीवन में मिली हर चीज तथा अवसरों के लिए ईश्वर को धन्यवाद देना।” उन्होंने कहा, ”हम बहुत सौभाग्यशाली जीवन और सफर जी रहे हैं क्योंकि बहुत से लोग यहां पहुंचना चाहते हैं, लेकिन हम उन भाग्यशाली लोगों में हैं जिन्हें यह मौका मिला। इसलिए हमें सिर झुकाकर जीवन के हर दिन कड़ी मेहनत करनी चाहिए।” कोहली ने कहा कि बल्लेबाजी में अधिक आक्रामक होकर अपना स्तर ऊंचा उठाना उनके लिए एक चुनौती रही है।

