आपदा में अवसर: सड़क पर बहने लगा माइनर का पानी तो मुर्गियों को करा दिया स्नान
रमईपुर-सचेंडी मार्ग पर पिकअप लोडर में लदी थीं मुर्गियां, चालक ने बहते पानी में करा दी धुलाई
कानपुर। बिधनू इलाके में बारिश के बाद पांडु नदी के माइनर का पानी रमईपुर-सचेंडी मार्ग के ऊपर से बहने लगा तो एक पिकअप लोडर चालक ने इस मौके को अपने ही अंदाज में इस्तेमाल कर लिया। लोडर में लदी मुर्गियों को लेकर गुजर रहे चालक ने सड़क पर बह रहे पानी में वाहन रोक दिया और उसमें लदी मुर्गियों को नहलाना शुरू कर दिया।
बताते चले कि पांडु नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद माइनर में भी पानी का बहाव तेज हो गया था। पानी सड़क के ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान मुर्गियों से लदा पिकअप लोडर वहां पहुंचा। चालक ने वाहन रोककर बहते पानी का इस्तेमाल मुर्गियों को नहलाने में कर लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस नजारे का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे “आपदा में अवसर” बताते हुए तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जहां बारिश और माइनर के बढ़े पानी से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं चालक ने इसी पानी का इस्तेमाल अपने वाहन में लदी मुर्गियों को नहलाने के लिए कर लिया।

