जनपद न्यायालय में हिंदी पखवाड़े का आयोजन, हिंदी में न्यायिक कार्यों को बढ़ावा देने पर जोर
14 से 28 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की अपील
कानपुर नगर। जनपद न्यायालय, कानपुर नगर में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 से 28 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़े के दौरान न्यायालय में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर अभिनव तिवारी ने बताया कि हिंदी देश की पहचान और गौरव का प्रतीक है। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है, जिससे न्यायिक एवं शासकीय कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़े के दौरान जनपद न्यायालय से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। न्यायालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के साथ ही लोगों में हिंदी के प्रति जागरूकता पैदा करने पर भी जोर रहेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जनपद न्यायालय के समस्त कर्मचारीगण, अधिवक्तागण, वादकारीगण, पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) और एलएडीसीगण से अपील की कि हिंदी पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक शासकीय एवं न्यायिक कार्य हिंदी भाषा में करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
हिंदी पखवाड़े के माध्यम से न्यायालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम लोगों के लिए न्यायिक प्रक्रिया को सहज और सुगम बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

