कानपुर की नई प्रशासनिक पारी शुरू, महेंद्र सिंह तंवर ने संभाली डीएम की जिम्मेदारी
कानपुर नगर। कानपुर नगर की प्रशासनिक कमान अब 2015 बैच के आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के हाथों में होगी। गुरुवार को उन्होंने कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे तंवर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर विभागीय कामकाज की जानकारी ली।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों और पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों और कार्यालयों की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी कामकाज में अनावश्यक देरी न हो और आम लोगों से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए।
इसके बाद नवीन सभागार में पत्रकारों से बातचीत में नवागत डीएम ने कानपुर के लिए अपनी कार्य प्राथमिकताओं का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और जनशिकायतों का प्रभावी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के साथ उनकी गुणवत्ता और पारदर्शिता पर भी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम करने पर जोर देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम किया जाना चाहिए। कानपुर की स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
संतकबीरनगर और कुशीनगर के बाद कानपुर

महेंद्र सिंह तंवर को जिलाधिकारी के तौर पर काम करने का अनुभव है। कानपुर नगर से पहले वह संतकबीरनगर और कुशीनगर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा गाजियाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। एटा और बहराइच में भी उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है।
कलेक्ट्रेट में पहले दिन ही लिया कामकाज का जायजा

डीएम ने कलेक्ट्रेट के निरीक्षण के दौरान अलग-अलग पटलों पर पहुंचकर कर्मचारियों से उनके काम की जानकारी ली। अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और उनके मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। इस दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह, आईएएस संदीप कुमार, एडीएम सिटी सौरभ सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

