राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित आनंद मिश्रा का एसडीएम व तहसीलदार ने किया सम्मान
ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत, नई पीढ़ी को लेनी चाहिए सीख
खागा (फतेहपुर)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक आनंद मिश्रा को सोमवार को खागा तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय में सम्मानित किया गया। एसडीएम और तहसीलदार ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने श्रीराम जी की आकर्षक मूर्ति भेंट कर शिक्षक आनंद मिश्रा का अभिनंदन किया, वहीं तहसीलदार ने प्रतीक चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि आनंद मिश्रा ने न केवल विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाया है, बल्कि बच्चों में संस्कार और नैतिक शिक्षा को भी बढ़ावा दिया है। उनका यह सम्मान पूरे तहसील क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने के बाद से ही उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। तहसील में हुए इस सम्मान समारोह के बाद क्षेत्र के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और गणमान्य नागरिकों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने कहा कि ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और नई पीढ़ी को उनसे सीख लेनी चाहिए।

