‘आरके फार्मेसी’ पर छापा: कैंसर के नाम पर फर्जी इलाज

‘आरके फार्मेसी’ पर छापा: कैंसर के नाम पर फर्जी इलाज

बिधनू में फर्जीवाड़े की खुली पोल, दो को नोटिस जारी
बिधनू । कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के तकसीमपुर गांव में कैंसर के इलाज के नाम पर मरीजों के साथ धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। यहां एक फर्जी ‘आरके फार्मेसी’ पर ACMO डॉ. कैलाश चंद्र ने रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान दो लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस फर्जीवाड़े की शुरुआत वैद्य राकेश कुमार राजपूत ने की थी। वह खुद को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का आयुर्वेदिक तरीके से इलाज करने का दावा करता था। उसके दावे पर भरोसा कर दूर-दूर से मरीज यहां इलाज के लिए आते थे।
वैद्य की मौत के बाद भी यह अवैध काम बंद नहीं हुआ। आरोप है कि वैद्य के रिश्ते के भांजे ने इसकी जिम्मेदारी संभाल ली और इसे मरीजों को ठगने का जरिया बना दिया।
बिना किसी वैध डिग्री, रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस के वहां ‘आरके फार्मेसी’ का बोर्ड लगा था। ग्रामीणों ने बताया कि देवेंद्र कुशवाहा और अन्य लोग बिना डॉक्टरी योग्यता के मरीजों को संदिग्ध दवाइयां दे रहे थे। इस अवैध क्लिनिक से हर महीने लाखों रुपये की गैरकानूनी कमाई हो रही थी।
इस मामले को शिव शक्ति अखाड़ा निरंजनी कानपुर प्रांत के सह प्रांत संयोजक शुभम शौर्य अग्निहोत्री ने उठाया। उन्होंने CMO कानपुर नगर को शिकायत पत्र देकर बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे फर्जी अस्पताल, संदिग्ध दवाओं और फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत को ध्यान में रखते हुए रविवार को ACMO डॉ. कैलाश चंद्र ने टीम के साथ छापा मारा। मौके से नकली और बिना लाइसेंस की दवाइयां मिलीं। जांच में पता चला कि क्लिनिक बिना सही रजिस्ट्रेशन के चल रहा था।
एसीएमओ कैलाश चंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी और CMO के आदेश के बाद आगे कानूनी कार्रवाई और FIR दर्ज होगी।
वहीं इस तरह की कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।क्योंकि क्षेत्र में दर्जनों अवैध झोलाछाप डॉक्टरों और क्लीनिक की भरमार है जो मरीजों की जेब में डाका डाल रहे हैं। लोगों ने इस कार्यवाही के लिए स्वास्थ विभाग की सराहना भी की है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *