किम जोंग ने 3 घंटे में दागी दो मिसाइलें, उत्तर कोरिया ने फिर दिखाई ताकत; टेंशन में जापान-साउथ कोरिया
सियोल, टोक्यो। उत्तर कोरिया ने रविवार को एक के बाद एक दो मिसाइलें दागकर कोरियाई प्रायद्वीप में फिर तनाव बढ़ा दिया। पहली मिसाइल पूर्वी तट के वोनसन इलाके से दोपहर करीब तीन बजे छोड़ी गई। यह करीब 450 किलोमीटर तक गई। इसके सिर्फ तीन घंटे बाद प्योंगयांग ने एक और अज्ञात प्रक्षेप्य दाग दिया। यानी कुछ ही घंटों में उत्तर कोरिया ने दो बार अपनी मिसाइल क्षमता का प्रदर्शन किया। वहीं, दक्षिण कोरिया और जापान ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। दोनों देशों का कहना है कि इससे इलाके की शांति और सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि उत्तर कोरिया ने कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्व में समुद्र की ओर एक वस्तु दागी है, जो बैलिस्टिक मिसाइल लगती है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर कोरिया ने संभवत: एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। वहीं, दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि उत्तर कोरिया ने एक अज्ञात प्रक्षेप्य दागा। जापानी सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार यह प्रक्षेप्य जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर जाकर गिरा। यानी जापान के समुद्री अधिकार वाले इलाके तक नहीं पहुंचा।
सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई
उत्तर कोरिया के मिसाइल लॉन्च की खबरों के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की बैठक बुलाई। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने वॉनसान इलाके से पूर्वी सागर की ओर कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। दक्षिण कोरिया ने इस लॉन्च की निंदा की। यह करीब एक सप्ताह में उत्तर कोरिया का दूसरा मिसाइल परीक्षण था। इससे पहले 12 सितंबर को भी परीक्षण किया गया था। एनएससी ने प्योंगयांग से तुरंत मिसाइल गतिविधियां रोकने की अपील की और कहा कि यह परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का सीधा उल्लंघन है।

