कानपुर में ओवैसी का चुटीला अंदाज…बीवी की आंख में आंख डाल तीनों टाइम बोलो आई लव यू
औवैसी ने सभा में मौजूद लोगों से ‘आई लव मोहम्मद’ के नारे भी लगवाए
कानपुर सुबह, दोपहर और रात में सोने से पहले अपनी बीवी की आंख में आंख डाल के कहो-‘आई लव यू माय डियर’. शहर के बाबूपुरवा के बागही ईदगाह मैदान में एक दिन पहले रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी अलग ही अंदाज में नजर आए. उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव की जमीन तैयार करने पहुंचे ओवैसी ने मौजूद भीड़ से पहले बीवी को आई लव यू कहने के लिए कहा. फिर उनसे ‘आई लव मोहम्मद’ के नारे भी लगवाए.
कानपुर में औवैसी की सभा
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन औवैसी सभा में लोगों को यही नुस्खा बताते नजर आए. इसके साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों को मजलिस के पक्ष में बेखौफ होकर वोट डालने का बड़ा सियासी संदेश भी दे दिया. दरअसल, भाषण के बीच में ओवैसी ने अचानक भीड़ से पूछा कि कितने लोग शादीशुदा हैं? इसके बाद मुस्कुराते हुए बोले-‘मैंने भोपाल के जलसे में बीवियों के बारे में कुछ कहा था. अब एक और बात बोल के जा रहा हूं. सुबह में, दोपहर में और रात में सोने से पहले अपनी बीवी को एक जुमला जरूर बोलना आंख में आंख डाल कर ‘आई लव यू, माय डियर’. बोलेंगे? बोलेंगे? शर्माएंगे तो नहीं ना? बोलेंगे ना? बोलना, डरना नहीं बाबू. आई नो आई लव यू, यू लव मी सब मालूम है मेरे को’
बीवी को प्यार जताने के इस अंदाज को तुरंत ओवैसी ने चुनाव से जोड़ा. ओवैसी ने समर्थकों से कहा-‘मगर मेरे प्यार में जरा वोट भी डालो. यहां तो आ जाते, वो नहीं मालूम कौन सा भानुमती का कुनबा है, वोट डालते वक्त आप लोग सोचते हैं? क्या करना भाई, बेखौफ होकर वोट डालना. वो गाना है पुराना, ‘जब प्यार किया तो डरना क्या, छुपा-छुपा के आहें भरना क्या’. जब प्यार करते हो मजलिस से, तो दिल खोल के बोलो- आई लव मोहम्मद,आई लव मोहम्मद’
भाइयों-बहनों से फ्रेंड्स तक आए, पीएम मोदी पर तंज
ओवैसी ने पीएम नरेंद्र मोदी के भाषणों और बदलते अंदाज पर भी जमकर चुटकी ली. उन्होंने कहा कि, पहले भाइयों और बहनों से शुरू करें, मित्रों पर आ गए. अब फ्रेंड्स. इंस्टाग्राम पर भी बाबा और मोदी आ गए. क्या-क्या आएंगे देखते जाओ. आपसे मेरी आपसे अपील है, चौकन्ने रहिए. यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कानपुर में ओवैसी का यह अंदाज बिलकुल अलग था. ओवैसी के इस भाषण की चर्चा भी खूब हो रही है.

