मवेशियों को रास्ते से हटाने को लेकर किसान से मारपीट, उपचार के दौरान मौत
17 सितंबर को बाइक सवार युवकों ने की थी पिटाई, सोमवार को मौत के बाद शव लेकर थाने पहुंचे परिजन
बिधनू। दयालपुर गांव में मवेशी चराने जा रहे किसान से रास्ता न देने को लेकर बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर दी। गंभीर हालत में उपचार करा रहे किसान की सोमवार को मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दयालपुर निवासी 35 वर्षीय किसान जितेंद्र यादव 17 सितंबर की शाम मुख्य मार्ग से मवेशियों को लेकर जंगल की ओर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार सिंहपुर निवासी शिवबालक, सूरज, माखन समेत चार युवक वहां पहुंचे। मवेशियों के रास्ते से नहीं हटने पर बाइक सवारों ने जितेंद्र से गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि युवकों ने बाइक से जितेंद्र को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद तीन युवकों ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों को मौके की ओर आता देख आरोपित वहां से भाग निकले। घटना के बाद परिजन जितेंद्र को उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे।
हाथ में चोट बताकर किया गया था रेफर
सीएचसी में चिकित्सकों ने जितेंद्र के हाथ में गंभीर चोट देखकर एक्सरे कराने के लिए उर्सला अस्पताल रेफर किया था। हालांकि परिजन उसे एक निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराकर उपचार करा रहे थे। सोमवार को उपचार के दौरान जितेंद्र की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इसके बाद परिजन शव लेकर बिधनू थाने पहुंचे और आरोपितों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाने नहीं पहुंचे थे परिजन : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि घटना के बाद परिजन किसान को लेकर सीएचसी पहुंचे थे। उस समय उसके हाथ में चोट दिखाई दे रही थी और चिकित्सकों ने एक्सरे के लिए रेफर किया था। इसके बाद घटना को लेकर कोई शिकायत थाने में नहीं दी गई थी। सोमवार को किसान की मौत के बाद तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

