कानपुर में हाईवे किनारे युवती का शव मिलने से सनसनी, रेप के बाद हत्या की आशंका
महाराजपुर में महोली मोड़ के पास कोल्ड स्टोरेज के सामने मिला शव, 12 से 15 घंटे पुरानी बताई जा रही लाश; शिनाख्त में जुटीं पुलिस की चार टीमें
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे किनारे शुक्रवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महोली मोड़ स्थित कोल्ड स्टोरेज के सामने शव पड़ा देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, एसीपी और डीसीपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त मिलने और चेहरे से खून निकलने के चलते रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
12 से 15 घंटे पुराना है शव, दूसरे जिले से लाकर फेंकने की आशंका
महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली स्थित कोल्ड स्टोरेज के सामने शुक्रवार सुबह करीब 29 से 30 वर्षीय युवती का शव मिला। ग्रामीणों ने डायल-112 और महाराजपुर थाने को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी, एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह, एडीसीपी शिवा सिंह और डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर पर बाहर से चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मुंह और नाक से खून निकल रहा था। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर काफी देर तक छानबीन की, लेकिन ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे युवती की पहचान हो सके।
फोरेंसिक टीम के शुरुआती आकलन के मुताबिक शव करीब 12 से 15 घंटे पुराना है। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को हाईवे किनारे लाकर फेंका गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीं चार पुलिस टीमें
युवती की शिनाख्त के लिए पुलिस कानपुर के साथ ही आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। युवती का फोटो और वीडियो प्रदेश के विभिन्न थानों में सर्कुलेट किया गया है, ताकि उसकी पहचान जल्द हो सके।
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि युवती की शिनाख्त के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। हाईवे के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में युवती के अविवाहित होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में प्रेम प्रसंग में हत्या या दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और यौन हिंसा की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस युवती की पहचान और हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


