ग्रीनपार्क के कायाकल्प की प्रक्रिया तेज, 350 करोड़ की परियोजना के लिए टेंडर जारी

ग्रीनपार्क के कायाकल्प की प्रक्रिया तेज, 350 करोड़ की परियोजना के लिए टेंडर जारी

कानपुर। शहर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम के कायाकल्प की दिशा में शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। करीब 350 करोड़ रुपये की प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना के लिए आर्किटेक्चरल कंसल्टेंट की नियुक्ति को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। चयनित कंसल्टेंट स्टेडियम के पुनर्विकास का डिजाइन तैयार करने के साथ ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), ड्राइंग और निर्माण कार्य से संबंधित निविदा दस्तावेज भी तैयार करेगा। इसके बाद निर्माण एजेंसी या ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।

टेंडर में ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर दोपहर तीन बजे निर्धारित की गई है। इसी दिन शाम 3:30 बजे तकनीकी बिड खोली जाएगी। वहीं, निविदा से संबंधित मूल अभिलेख नौ अक्टूबर शाम पांच बजे तक लखनऊ स्थित तकनीकी सेल के कार्यालय में जमा करने होंगे। चयनित आर्किटेक्चरल कंसल्टेंट को स्टेडियम के प्रस्तावित विकास का डिजाइन और डीपीआर तैयार करने के लिए 75 दिन का समय दिया जाएगा। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों की तकनीकी और वित्तीय रूपरेखा स्पष्ट होगी। इसी आधार पर निर्माण कार्य के लिए अलग से टेंडर जारी कर एजेंसी का चयन किया जाएगा।

पहले डिजाइन और डीपीआर, फिर निर्माण एजेंसी

ग्रीनपार्क के पुनर्विकास में चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जाएगा। सबसे पहले आर्किटेक्चरल कंसल्टेंट का चयन किया जाएगा। इसके बाद स्टेडियम की मौजूदा संरचना, सुविधाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार होगा। डिजाइन के साथ डीपीआर में निर्माण कार्यों की लागत, तकनीकी जरूरतें और अन्य आवश्यक विवरण शामिल किए जाएंगे। डीपीआर और डिजाइन तैयार होने के बाद निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार या एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। यानी स्टेडियम में वास्तविक निर्माण कार्य शुरू होने से पहले डिजाइन और तकनीकी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जनवरी-फरवरी 2027 से शुरू हो सकता है निर्माण

प्रस्तावित समयसीमा के अनुसार ग्रीनपार्क में वास्तविक निर्माण कार्य जनवरी या फरवरी 2027 के आसपास शुरू होने की संभावना है। परियोजना के पहले चरण में स्टेडियम के चर्चित सी-बालकनी क्षेत्र से निर्माण कार्य शुरू किए जाने की योजना है। 350 करोड़ रुपये की यह परियोजना पूरी होने के बाद ग्रीनपार्क में आधुनिक सुविधाओं के विकास के साथ दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं तैयार किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल शासन स्तर पर कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही लंबे समय से प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना के धरातल पर उतरने की दिशा में पहला औपचारिक कदम उठ गया है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *