कानपुर की समस्याओं को लेकर सक्रिय हुए राज्यसभा सांसद गोपी कृष्ण पांडेय

कानपुर की समस्याओं को लेकर सक्रिय हुए राज्यसभा सांसद गोपी कृष्ण पांडेय

जाम से निजात दिलाना प्राथमिकता, पत्रकारों को मिलेगा चार मंजिला प्रेस क्लब भवन

कानपुर। राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे गोपी कृष्ण पांडेय ने शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। प्रेस क्लब में पत्रकारों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि कानपुर में यातायात जाम की समस्या बेहद गंभीर है। इससे आम जनता के साथ-साथ उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ा है। शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों, शासन और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करना होगा।

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष सरस बाजपेई ने शहर की बढ़ती आबादी और मीडिया के लगातार विस्तार को देखते हुए पत्रकारों के लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त प्रेस क्लब भवन की आवश्यकता उठाई। इस पर सांसद गोपी कृष्ण पांडेय ने सहमति जताते हुए जल्द ही चार मंजिला प्रेस क्लब भवन का निर्माण कराकर उसे पत्रकारों को समर्पित करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कानपुर दक्षिण क्षेत्र की समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। सांसद ने कहा कि दक्षिण क्षेत्र में एसडीएम और सब रजिस्ट्रार की तैनाती कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे घाटमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए शहर के अन्य हिस्सों में न जाना पड़े और यातायात का दबाव भी कम हो सके।

इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़े 100 बेड के अस्पताल को मार्च से पहले शुरू कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कानपुर की प्रमुख समस्याओं, विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

सांसद ने स्पष्ट किया कि कानपुर के विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। यातायात व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और पत्रकारों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *