शटडाउन के दौरान अचानक चालू हुई बिजली, खंभे पर काम कर रहे लाइनमैन की करंट से मौत
आगापुर गांव में हादसा, संविदा लाइनमैन शिवराज ने मौके पर तोड़ा दम; विभागीय लापरवाही के आरोप

कानपुर : घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के नंदना इलाके के आगापुर गांव में सोमवार को बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खंभे पर चढ़कर बिजली लाइन ठीक कर रहे संविदा लाइनमैन की अचानक करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
हथेही गांव निवासी शिवराज (40) पुत्र बुद्धू बिजली विभाग में संविदा में लाइनमैन के पद पर 5 वर्षों से कार्यरत थे। बताया गया कि सोमवार को आगापुर गांव में बिजली लाइन में खराबी आने की सूचना पर वह उसे ठीक करने पहुंचे थे। लाइन की मरम्मत के लिए उन्होंने टीम के साथ शटडाउन लिया और इसके बाद खंभे पर चढ़कर काम शुरू किया।
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक शिवराज जब खंभे पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहे थे, उसी दौरान अचानक लाइन में बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि शिवढ़री पावर स्टेशन से सप्लाई चालू होने के बाद लाइन में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से शिवराज को जोरदार झटका लगा और वह खंभे से नीचे आ गिरे।
करंट का झटका इतना तेज था कि शिवराज गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शिवराज का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना की सूचना मिलने पर नंदना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लिया। पुलिस की ओर से हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली लाइन पर काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतना जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और शटडाउन के दौरान बिजली आपूर्ति बहाल होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि शटडाउन के बावजूद लाइन में बिजली आपूर्ति शुरू हुई है तो इसकी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि बिजली आपूर्ति किस स्तर से और किन परिस्थितियों में शुरू हुई।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

