धनतेरस-दीपावली पर कानपुर में सुरक्षा का पहरा, 3038 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

10 नवंबर तक बाजारों और सराफा प्रतिष्ठानों पर रहेगी विशेष निगरानी, 1619 ज्वैलरी दुकानों के सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, हर जोन में तैनात रहेंगी दो प्लाटून पीएसी

कानपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों, सराफा प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 3038 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तैनाती की गई है। यह सुरक्षा बल 10 नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद रहेगा।

सराफा बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर की 1619 सराफा दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर चेकिंग और बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

सराफा बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

पुलिस ने सराफा बाजारों के साथ बर्तन बाजार, वाहन शोरूम, ज्वैलरी शोरूम और पेट्रोल पंप जैसे प्रतिष्ठानों के आसपास सतर्कता बढ़ाई है। संवेदनशील इलाकों और सुनसान गलियों में स्थानीय थाना पुलिस के अलावा पीएसी, एलआईयू और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

सुरक्षा में कमी मिलने पर लगेगा अतिरिक्त फोर्स

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि सराफा कारोबारियों और उनके कर्मचारियों का विवरण जुटाया गया है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता और स्ट्रीट लाइट की स्थिति भी जांची जा रही है। जहां सुरक्षा व्यवस्था में कमी मिलेगी, वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ रात 10 बजे के बाद संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। रात में चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए रेट्रो-रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है। सभी डीसीपी और एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हर जोन में तैनात रहेंगी दो प्लाटून पीएसी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूर्वी जोन में 60, पश्चिमी जोन में 102, दक्षिणी जोन में 55 और सेंट्रल जोन में 120 महिला कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। वहीं पूर्वी जोन में 68, पश्चिमी जोन में 98, दक्षिणी जोन में 95 और सेंट्रल जोन में 75 होमगार्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी जोनों में दो-दो प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों को त्योहार के दौरान लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *