स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में पांच कर्मचारी मिले गैरहाजिर, वेतन रोकने के निर्देश
नानकारी और मुश्ता स्वास्थ्य केंद्र का सीएमओ ने किया निरीक्षण, दवाओं के रखरखाव और सफाई व्यवस्था में मिली खामियां
कानपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी ने सोमवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानकारी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुश्ता का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले। निरीक्षण में साफ-सफाई, दवाओं के रखरखाव और अभिलेखों के रखरखाव में भी कमियां सामने आईं। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सबसे पहले शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानकारी का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सक, एएनएम और सपोर्ट स्टाफ समेत तीन कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों की गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों का आज का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुश्ता का निरीक्षण किया। यहां लैब टेक्नीशियन और सपोर्ट स्टाफ के दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में जगह-जगह झाड़ियां उगी हुई थीं, जिन्हें तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए गए।
दवाओं के रखरखाव में भी मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में औषधियों के रखरखाव की व्यवस्था भी उचित नहीं मिली। इसके अलावा डीवीडीएमएस पोर्टल पर औषधियों के रखरखाव और खारिज की गई दवाओं से संबंधित विवरण दर्ज नहीं पाया गया। सीएमओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर सभी जरूरी विवरण अपडेट कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि चिकित्सा अधीक्षक की ओर से कई महीनों से स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण नहीं किया गया था। सीएमओ ने इस पर नाराजगी जताते हुए नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक, शिवराजपुर को निर्देशित किया कि दोनों स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करें। उन्होंने औषधियों के उचित रखरखाव के साथ डीवीडीएमएस पोर्टल पर संबंधित विवरण दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही चिकित्सालय परिसर में उगी झाड़ियों और गंदगी की तत्काल सफाई कराने तथा इसकी अनुपालन आख्या सीएमओ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों की उपस्थिति और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।

