दस साल से नाली का इंतजार, बर्रा-6 में लोगों ने चंदा जुटाकर खुद शुरू कराया निर्माण

14 लोगों ने जुटाए 28 हजार रुपये, बारिश में जलभराव से परेशान होकर उठाया कदम; पार्षद बोले- टेंडर पास, बुधवार से ठेकेदार कराएगा काम
कानपुर। बर्रा-6 के वार्ड-67 स्थित सी ब्लॉक में बरगद वाले पार्क की गली के लोग करीब दस साल से नाली निर्माण की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर सोमवार को स्थानीय लोगों ने खुद ही नाली बनाने का फैसला लिया। 14 लोगों ने दो-दो हजार रुपये चंदा जुटाकर करीब 28 हजार रुपये की निर्माण सामग्री खरीदी और पुरुषों के साथ महिलाएं भी फावड़ा लेकर काम में जुट गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है। जलभराव इतना अधिक हो जाता है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नाली का निर्माण नहीं कराया गया। इससे नाराज लोगों ने अपने स्तर पर समस्या दूर करने की शुरुआत की है। उनका कहना है कि जरूरत पड़ी तो दोबारा चंदा जुटाकर नाली का काम पूरा कराया जाएगा।
दो पार्षदों का कार्यकाल बीता, नाली नहीं बनी
स्थानीय निवासी प्रशांत अग्निहोत्री ने कहा कि दो पार्षदों का कार्यकाल पूरा हो गया और तीसरे का कार्यकाल चल रहा है, लेकिन अब तक नाली नहीं बन सकी। मजबूर होकर लोगों ने खुद निर्माण कराने का निर्णय लिया है।
अभिषेक शर्मा ने बताया कि नाली न होने से पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित है। बारिश के दौरान पूरी गली तालाब में तब्दील हो जाती है और घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। इसी परेशानी के चलते लोगों ने खुद नाली बनाना शुरू किया है।
पार्षद बोले- टेंडर पास, बुधवार से शुरू होगा काम
पार्षद देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि करीब चार दिन पहले सफाई के लिए नाली की खोदाई कराई गई थी। नाली निर्माण का टेंडर पास हो चुका है और बारिश के कारण काम रुका हुआ था। बुधवार से ठेकेदार के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मामले को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। चंदा देकर निर्माण सामग्री खरीदने वाले लोगों की रकम भी ठेकेदार से वापस कराई जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *