लोन का झांसा देकर महिला के नाम खुलवाए दो करंट खाते, 50 लाख की ठगी का लेनदेन
साइबर ठगी में फंसाई गई अशोक नगर की महिला, आधार से निकलवाए दो सिमकार्ड; पति के खाते में भी मंगवाए 2.50 लाख रुपये
कानपुर। ब्यूटी पार्लर खोलने के लिए लोन दिलाने का झांसा देकर दो युवकों ने अशोक नगर निवासी महिला के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और उनके आधार कार्ड से दो सिमकार्ड निकलवा लिए। इन मोबाइल नंबरों को बैंक खातों से लिंक कराकर दोनों युवकों ने महिला के नाम पर गोविंद नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक और किदवई नगर स्थित एक्सिस बैंक में करंट खाते खुलवाए। आरोप है कि इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती रही, जबकि महिला को इसकी जानकारी तक नहीं थी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एटा पुलिस ने महिला के घर पहुंचकर बताया कि उसके नाम से संचालित खातों में करीब 50 लाख रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ है। एटा पुलिस ने महिला को पूछताछ और बयान के लिए बुलाया था। इसके बाद महिला ने एटा जाने के बजाय पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
चचेरी बहन ने कराया युवकों से परिचय
अशोक नगर निवासी आरती रावत के मुताबिक उनके पति एक अस्पताल में नौकरी करते हैं। वह खुद ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी चचेरी बहन ने उन्हें बर्रा-2 निवासी एक युवक और उसके साथी से मिलवाया। दोनों युवकों ने महिला से कहा कि ब्यूटी पार्लर के लिए करीब दो लाख रुपये का लोन दिलवा सकते हैं, लेकिन इसके लिए नया बैंक खाता खुलवाना होगा।
महिला का आरोप है कि युवकों ने उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर दो नए सिमकार्ड निकलवा लिए। इसके बाद कुछ दस्तावेज तैयार कराए गए और उनके नाम से दो अलग-अलग बैंकों में करंट खाते खुलवाए गए।
घर पहुंची चेकबुक और एटीएम भी ले गए
आरती के अनुसार, खाते खुलने के कुछ समय बाद उनके घर चेकबुक, एटीएम और पासबुक पहुंची। इसकी जानकारी होने पर आरोपित युवक ने फोन किया और अपने साथी को भेजकर बैंक से संबंधित दस्तावेज और अन्य सामान मंगवा लिया। महिला का कहना है कि नए मोबाइल नंबर खातों में रजिस्टर्ड होने के कारण उन्हें खातों में होने वाले लेनदेन की जानकारी नहीं मिलती रही।
आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला के पति के एसबीआई खाते की जानकारी भी ले ली। इसी दौरान महिला के पति के खाते में भी करीब 2.50 लाख रुपये मंगवाए गए।
एटा पुलिस के पहुंचने पर सामने आया मामला
करीब एक सप्ताह पहले एटा पुलिस महिला के घर पहुंची। पुलिस ने बताया कि उसके नाम पर खुले बैंक खातों में करीब 50 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है और इनमें पहुंची रकम साइबर ठगी से संबंधित है। एटा पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उसके घर की तस्वीरों के साथ पुराने बैंक खाते की पासबुक की फोटो भी ली।
महिला को 15 सितंबर को बयान दर्ज कराने के लिए एटा बुलाया गया था, लेकिन वह वहां जाने के बजाय पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और खुद को पूरे मामले में निर्दोष बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
साइबर टीम करेगी जांच
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। साइबर क्राइम टीम पूरे प्रकरण की जांच करेगी। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि खातों का संचालन किसने किया और ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची।

