पतारा में मोबाइल की रोशनी में जुआ खेलते आठ गिरफ्तार

पतारा में मोबाइल की रोशनी में जुआ खेलते आठ गिरफ्तार

मस्जिद के पीछे आम के बगीचे में चल रहा था फड़, 37,420 रुपये और ताश की गड्डी बरामद; चौकी पुलिस को भनक तक नहीं लगी

घाटमपुर। पतारा कस्बे में मस्जिद के पीछे आम के बगीचे में मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेल रहे आठ लोगों को घाटमपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने स्थानीय पतारा चौकी पुलिस को सूचना दिए बिना टीम के साथ छापा मारा। मौके से 37,420 रुपये की नकदी और ताश की गड्डी बरामद हुई। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

आधा किलोमीटर पहले खड़े किए वाहन

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि पतारा कस्बे में मस्जिद के पीछे आम के बगीचे में कई दिनों से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। इस पर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया को टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इंस्पेक्टर टीम के साथ पतारा पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बगीचे से करीब आधा किलोमीटर पहले अपने वाहन खड़े कर दिए और पैदल मौके की ओर बढ़े। इसके बाद पुलिस टीम ने बगीचे को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में अफरातफरी मच गई।

पुलिस के सामने छोड़ने की गुहार लगाते रहे

पुलिस के मुताबिक, मौके पर आठ लोग मोबाइल फोन की रोशनी में जुआ खेलते मिले। पुलिस को देखते ही आरोपितों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सभी को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोग पुलिसकर्मियों से हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाते नजर आए। तलाशी के दौरान उनके पास से 37,420 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद हुई।

ये लोग पकड़े गए

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साजन पुत्र रामकुमार, शिवम सिंह पुत्र गुलाब सिंह, सलमान पुत्र छोटे, अखिलेश पुत्र रामप्रकाश, गोविंद पुत्र विनोद कुमार, नीरज कुमार पुत्र धीरेंद्र, सद्दाम पुत्र अहमद, सभी पतारा कस्बा निवासी और रिजवान पुत्र हकीम रहमान निवासी ओ ब्लॉक, किदवई नगर कानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *