बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय, घर-घर बुखार सर्वे

बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय, घर-घर बुखार सर्वे

बनियापुरवा, चयनपुरवा में स्वास्थ्य शिविर, बेंदा में मलेरिया केस मिलने पर निरोधात्मक कार्रवाई तेज
कानपुर नगर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचारी और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निरोधात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कल्याणपुर ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित बनियापुरवा और चयनपुरवा गांवों का निरीक्षण किया। टीम ने बुखार सर्वेक्षण, जांच, लार्वा नियंत्रण, लार्वीसाइडल स्प्रे और इंडोर स्पेस स्प्रे का जायजा लिया।
ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ओआरएस पैकेट और क्लोरीन टैबलेट भी वितरित किए गए। सीएचसी कल्याणपुर के अधीक्षक को प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर लगाने और आश्रय स्थलों पर स्वास्थ्य शिक्षा देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के समन्वय से शाम के समय फॉगिंग कराने को भी कहा गया है।
बेंदा में मलेरिया केस के बाद छिड़काव


घाटमपुर के बेंदा क्षेत्र में एक मलेरिया केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निरोधात्मक कार्रवाई कराई। गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे, इंडोर स्पेस स्प्रे और फॉगिंग कराई गई। लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने की अपील की गई।
विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में 585 घरों का सर्वेक्षण किया। इनमें नौ घर लार्वा धनात्मक मिले, जबकि 14 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया। कुल 4,373 पात्रों की जांच की गई।
बनियापुरवा स्वास्थ्य शिविर में 79, चयनपुरवा में 13 और बेंदा में 31 मरीजों का परीक्षण किया गया। क्रमशः नौ, 13 और 31 मरीजों की मलेरिया जांच हुई, लेकिन किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिली। डेंगू जांच के लिए कोई सैंपल एसएसएच लैब नहीं भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार या संचारी रोग से संबंधित लक्षण होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है। इसके लिए परेड स्थित यूएचएम चिकित्सालय कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन 0512-2333810, 9335301096 और नगर निगम कंट्रोल रूम के 0512-2526004, 0512-2526005 नंबर पर सूचना दी जा सकती है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *