बिधनू में कार-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, ऑटो चालक की मौत

हादसे में चार सवारियां घायल, कार सवारों को भी आईं मामूली चोटें

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में रविवार शाम हड़हा गांव के पास घाटमपुर की तरफ से आ रही कार और नौबस्ता की तरफ से आ रहे सवारियों से भरे ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार चार लोग घायल हो गए। कार सवारों को भी मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बिधनू पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल सवारियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घायलों में खुशनुमा परवीन (40) पत्नी इशराल अहमद, निवासी नौबस्ता पूर्वी, घाटमपुर, मंजू बाजपेई (50) पत्नी करुणा शंकर बाजपेई, निवासी रविंद्र नगर, यशोदानगर, नौबस्ता, दीपिका तिवारी (45) पत्नी स्वर्गीय विजय तिवारी, निवासी संजय नगर, मछरिया, नौबस्ता और ललित गौतम (32) पुत्र राजाराम, निवासी नरसिंहपुर, पतारा, घाटमपुर शामिल हैं।

हादसे के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए ऑटो चालक को भी एंबुलेंस से सीएचसी बिधनू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राघवेंद्र सिंह (42) पुत्र शिवनरेश, निवासी कानपुर देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *