नीम करौली बाबा के दर्शन से लौटे यूनिवर्सिटी छात्र की मौत

शारदा नगर हॉस्टल में छात्रा ने खाना देने के लिए खटखटाया दरवाजा, अंदर से बंद मिला; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के छोटा लखनपुर, शारदा नगर स्थित एक हॉस्टल में रविवार शाम यूनिवर्सिटी के 22 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिला। हॉस्टल में उसके सामने वाले कमरे में रहने वाली छात्रा ने दरवाजा बंद मिलने पर पड़ोसियों की मदद से उसे बाहर निकाला और तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस छात्र की मौत की वजह पता लगाने में जुटी है।
दर्शन से लौटने के कुछ देर बाद कमरे में गया
पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्र आदित्य शर्मा मूलरूप से जम्मू का रहने वाला था। वह कानपुर यूनिवर्सिटी में रेडियोलॉजिस्ट की द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार को आदित्य अपनी एक सहपाठी छात्रा के साथ नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए गया था। दोनों रविवार शाम करीब पांच बजे हॉस्टल लौटे।
हॉस्टल पहुंचने के बाद आदित्य अपने कमरे में चला गया, जबकि छात्रा अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद छात्रा उसे खाना देने के लिए उसके कमरे पर पहुंची। उसने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक कोई जवाब नहीं आने पर छात्रा ने आसपास के लोगों को बुलाया।
दरवाजा खोलकर देखा तो बेहोश पड़ा था छात्र
पड़ोसियों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया तो आदित्य अंदर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे हैलट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी हॉस्टल केयरटेकर सुनील कुमार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
तीन महीने पहले हॉस्टल में रहने आया था
केयरटेकर सुनील कुमार के मुताबिक, आदित्य करीब तीन महीने पहले ही शारदा नगर स्थित हॉस्टल में रहने आया था। उसके साथ रहने वाली छात्रा ने भी इसी हॉस्टल में कमरा लिया था। दोनों ने हॉस्टल में कमरा लेते समय खुद को भाई-बहन बताया था और आमने-सामने के कमरे किराये पर लिए थे।
बताया गया कि आदित्य के पिता विजय कुमार शर्मा डिफेंस में तैनात हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हॉस्टल के छात्रों से भी पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों और केयरटेकर से पूछताछ की। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे की स्थिति और छात्र के वहां पहुंचने के बाद की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल मौके से किसी सुसाइड नोट की जानकारी सामने नहीं आई है।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि छात्र मूलरूप से जम्मू का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। रविवार शाम दर्शन से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *