कानपुर में बेकाबू थार ने स्कूटी सवार को रौंदा, अधेड़ की मौत
लड़की चला रही थी गाड़ी, तीनों सवार फरार
टक्कर के बाद मकान के गार्डन में घुसी थार, दो मकानों की बाउंड्री तोड़ी; दूसरी कार से भागे दो लड़कियां और एक युवक, घर से 500 मीटर दूर हुआ हादसा

कानपुर। कल्याणपुर में शनिवार रात तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार एक युवती चला रही थी। कार में उसके साथ एक अन्य युवती और एक युवक भी सवार था। हादसे के बाद तीनों कार छोड़कर मौके से भाग निकले। आरोप है कि तीनों नशे की हालत में थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बेकाबू थार एक मकान के बाहरी गार्डन में घुस गई। कार ने दो मकानों की बाउंड्रीवॉल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हादसा शनिवार रात करीब 7:40 बजे कल्याणपुर इलाके में हुआ। मृतक की पहचान पनकी के स्वराजनगर निवासी संतोष सिंह चौहान (55) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थार की नंबर प्लेट के आधार पर उसके मालिक की पहचान कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब वाहन मालिक से संपर्क कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन लोग सवार थे।
घर से 500 मीटर दूर हादसा, पिता का शव देखकर फूट-फूटकर रोया बेटा
संतोष सिंह चौहान के शव की पहचान उनके बेटे राहुल चौहान ने की। पिता का शव देखकर राहुल फूट-फूटकर रोने लगा। परिवार में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। राहुल ने बताया कि शनिवार रात करीब 7:30 बजे उनके पिता स्कूटी लेकर घर से निकले थे। वह अपनी पत्नी यानी राहुल की मां की साड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। घर से निकलते समय उन्होंने कहा था कि थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की खबर आ गई। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर उनकी जान चली गई।
टक्कर के बाद गार्डन में घुसी थार, दो मकानों की बाउंड्री टूटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार की रफ्तार काफी तेज थी। चालक ने स्कूटी सवार को संभलने का मौका तक नहीं दिया। स्कूटी में टक्कर मारने के बाद थार अनियंत्रित होकर प्रोफेसर कैलाश चौहान के मकान के बाहरी गार्डन में घुस गई। कार ने उनके मकान की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए पड़ोस में रहने वाली अनीता महादेवन के मकान की बाउंड्री से भी टकरा गई।
अनीता महादेवन बेंगलुरु में जीएसटी अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। हादसे के दौरान जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
तीनों नशे में चिल्ला रहे थे, दूसरी कार से हुए फरार
मकान मालिक प्रो. कैलाश चौहान ने बताया कि बाउंड्रीवॉल टूटने की तेज आवाज सुनकर वह परिवार के साथ बाहर आए। थार में दो युवतियां और एक युवक सवार थे। उनके मुताबिक, तीनों नशे की हालत में चिल्ला रहे थे और स्टेयरिंग पर एक युवती बैठी थी। हादसे के बाद तीनों थार छोड़कर मौके से भाग निकले। कुछ देर बाद वहां दूसरी कार पहुंची, जिसमें बैठकर तीनों फरार हो गए।
नंबर प्लेट से मालिक की पहचान, चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार की नंबर प्लेट के आधार पर वाहन की जानकारी जुटाई है। वाहन मालिक का नाम कृष्णा कुमार दर्ज है और उसका पता पनकी के बी-ब्लॉक का बताया गया है। पुलिस वाहन मालिक से संपर्क कर यह जानकारी जुटा रही है कि हादसे के समय थार कौन चला रहा था। साथ ही कार में सवार अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। एक वाहन ने स्कूटी में टक्कर मारी थी, जिसमें स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


