12वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, मोबाइल में डिलीट मिले व्हाट्सएप मैसेज
12वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, मोबाइल में डिलीट मिले व्हाट्सएप मैसेज
माता-पिता और बहन दवा लेने गए थे, घर पर अकेला था छात्र; चचेरे भाई ने कमरे में देखा शव
कानपुर। सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल गांव में बुधवार देर रात 12वीं के छात्र ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। चचेरा भाई वीरेंद्र कमरे में पहुंचा तो छात्र का शव पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक छानबीन में मोबाइल के व्हाट्सएप पर कुछ मैसेज डिलीट मिले हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
माता-पिता और बहन गए थे दवा लेने
बरीपाल गांव निवासी किसान संजय पांडेय के परिवार में पत्नी राधा पांडेय, बेटी श्रद्धा पांडेय और इकलौता बेटा प्रखर पांडेय (18) था। प्रखर 12वीं का छात्र था। पिता के मुताबिक, बुधवार को उनकी पत्नी और बेटी दवा लेने स्वरूपनगर गई थीं। उस समय प्रखर घर पर अकेला था।
घर लौटते समय मां और बहन ने किसी काम के सिलसिले में प्रखर को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिजनों ने प्रखर के चचेरे भाई वीरेंद्र को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा।
कमरे में पहुंचते ही सामने आया खौफनाक दृश्य
रात करीब आठ बजे वीरेंद्र घर पहुंचा। बाहर से प्रखर दिखाई नहीं दिया तो वह उसके कमरे में गया। दरवाजा खोलते ही सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। प्रखर का शव पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका हुआ था। वीरेंद्र की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। कुछ ही देर में सजेती थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोबाइल में डिलीट मिले व्हाट्सएप मैसेज
पुलिस ने प्रखर का मोबाइल कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू की। प्रारंभिक छानबीन में व्हाट्सएप पर कुछ मैसेज डिलीट मिले हैं। पुलिस अब मोबाइल की तकनीकी जांच के साथ छात्र के परिचितों और परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है।
प्रखर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस डिलीट किए गए मैसेज और छात्र के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच
सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ की गई है, लेकिन उन्होंने आत्महत्या की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर भी छानबीन जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

