पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों का प्रदर्शन

पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों का प्रदर्शन

मांगें न मानी तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

वर्ल्ड खबर एक्सप्रेस/कानपुर- पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) में भेदभाव खत्म करने की मांग को लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन (SBISA) के कर्मचारियों ने सिविल लाइंस स्थित एसबीआइ के प्रशासनिक कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में कानपुर परिक्षेत्र की विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों से आए बैंककर्मियों ने हिस्सा लिया।

सभा को संबोधित करते हुए SBISA के उपमहामंत्री जय प्रकाश मिश्रा ने कहा कि 8 मार्च 2024 को 12वें द्विपक्षीय समझौते के तहत पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद अब तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सभी शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्केल-चार और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए अलग PLI व्यवस्था लागू की जा रही है। संगठन की मांग है कि सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए समान और पारदर्शी PLI व्यवस्था लागू की जाए।

बैंककर्मियों ने पेंशन अपडेशन, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान डीए फार्मूला लागू करने, एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का विकल्प देने और लंबित सेवा संबंधी मुद्दों का द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से समाधान करने की मांग भी उठाई।

मिश्रा ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। संगठन के अनुसार 14 से 24 सितंबर तक विभिन्न राज्यों की राजधानियों और प्रमुख केंद्रों पर धरना-प्रदर्शन होंगे। 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन राष्ट्रव्यापी हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

प्रदर्शन में सहायक महामंत्री पुष्कर मिश्रा, क्षेत्रीय सचिव चंद्रेश सोनकर, अतुल बाजपेई, रेखा सिंह, नितिन कुमार, धर्मेंद्र सिंह, आशीष शर्मा, कमल कुमार, अनिल सिंह, विश्वजीत पॉल, बिजेंद्र पांडेय, अनीस मोहम्मद, सचिन अग्रवाल, मधुमिता सिंह, विकास गुप्ता, आरपी सिंह, सतीश केसरवानी और निखिल दरोलिया समेत बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *