युवक का शव तालाब में मिला, हत्या का आरोप
मौदहा। हमीरपुर।04 नवंबर मौदहा कस्बा के इलाही तालाब में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उसके परिजनों ने हत्या कर तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है।वहीं सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बा के मोहल्ला पुरवा नरहिया निवासी आमिर उर्फ़ राहुल जैकर (24)पुत्र बदरुद्दीन उर्फ़ बदरू बाबा बीते दो दिन से घर नहीं पहुंचा था। पिता व परिजनों ने सभी जगह तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह आमिर का शव कस्बा के इलाही तालाब में उतराता मिलने से हड़कंप मच गया, और देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची मौदहा कोतवाली पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर कार्यवाही की बात कही है।मृतक आमिर अपने पिता का इकलौता पुत्र था।वह पेशे से ड्राइवर था। पिता व परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक के पिता बदरुबाबा ने बताया कि, उनके पुत्र की हत्या की गई है और इसके पहले भी कस्बे के लोगों द्वारा उनके पुत्र को बंधक बनाकर मारा पीटा गया था लेकिन मोहल्ले के कुछ लोगों द्वारा समझाने पर उन्होंने कार्यवाही नहीं की थी लेकिन जल्द ही कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग करेंगे।


