घाटमपुर में अवैध पटाखा भंडारण पर छापा, चार दुकानों से 110 किलो पटाखे बरामद; तीन हिरासत में
पतारा और नौरंगा में पुलिस की कार्रवाई, विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज; अवैध भंडारण की सूचना देने के लिए जारी किया सीयूजी नंबर
घाटमपुर। दीपावली के बाद भी अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। सोमवार दोपहर घाटमपुर पुलिस ने पतारा कस्बे और नौरंगा गांव में छापेमारी कर चार दुकानों से करीब 110 किलो पटाखे बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बा निवासी राजेश साहू और हरिओम सैनी के यहां सोमवार दोपहर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 71 किलो पटाखे बरामद हुए। इसके बाद पुलिस टीम ने नौरंगा गांव निवासी श्रवण कुमार उर्फ राजू के यहां छापा मारकर करीब 39 किलो पटाखे बरामद किए। जांच के दौरान पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पतारा और नौरंगा में अवैध रूप से पटाखे जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई में करीब 110 किलो पटाखे बरामद हुए हैं। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना दें
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि सर्किल क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कहीं भी अवैध रूप से पटाखे जमा किए जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित थाने के सीयूजी नंबर या उनके मोबाइल नंबर 9454401466 पर सूचना दें। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी।


