मंधना पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों में लगी भीषण आग, दो कार और ई-रिक्शा जलकर राख

मंधना पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों में लगी भीषण आग, दो कार और ई-रिक्शा जलकर राख

टायर फटने से एक के बाद एक हुए धमाके, आग की लपटें देख पुलिसकर्मियों में मची अफरा-तफरी; दमकल की दो गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र की मंधना पुलिस चौकी के बाहर बुधवार सुबह खड़े वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दो कार और एक ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। वाहनों से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान वाहनों के टायर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

आग इतनी विकराल थी कि कोई भी उसके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक तीनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

हादसे के बाद चौकी के बाहर खड़ी कराई गई थी कार

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आई कारों में से एक निजी अस्पताल संचालक की थी। मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस ने इस कार को मंधना चौकी के बाहर खड़ा कराया था। बुधवार सुबह अचानक इसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं

घटना के बाद पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहनों में आग किन परिस्थितियों में लगी और क्या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी या अन्य कारण था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *