आईआईटी कानपुर में ‘उद्घोष’ का धमाकेदार समापन, वरुण जैन के गीतों पर झूमे छात्र
तीन दिवसीय खेल महोत्सव में आईआईटी कानपुर का दबदबा, एथलेटिक्स से लेकर टेबल टेनिस और भारोत्तोलन में जीते खिताब
कानपुर। आईआईटी कानपुर में तीन दिनों तक चले वार्षिक खेल महोत्सव ‘उद्घोष’ 2026 का रविवार को संगीत, उत्साह और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में बॉलीवुड गायक वरुण जैन की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। उनके रोमांटिक गीतों पर आईआईटी के छात्र जमकर झूमे। खेल मैदानों पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और संगीत की सुरमयी शाम ने तीन दिवसीय आयोजन को यादगार बना दिया।
महोत्सव में देशभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एथलेटिक्स, खो-खो, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, शतरंज और पावरलिफ्टिंग समेत कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें मेजबान आईआईटी कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में खिताब अपने नाम किए।
एथलेटिक्स में पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में आईआईटी कानपुर अव्वल
एथलेटिक्स में आईआईटी कानपुर ने पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में संस्थान की एलुमनी टीम दूसरे और आईआईटी गुवाहाटी तीसरे स्थान पर रही। महिला वर्ग में आईआईटी कानपुर की बी टीम उपविजेता बनी, जबकि ओपी जिंदल विश्वविद्यालय ने तीसरा स्थान हासिल किया।
खो-खो के पुरुष वर्ग में आईआईटी कानपुर ने खिताब जीता। महिला वर्ग में एकेजीईसी विजेता रहा, जबकि आईआईटी कानपुर को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग में आईआईटी कानपुर की ए टीम ने पहला और बी टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। महिला टेबल टेनिस में भी आईआईटी कानपुर की टीम विजेता बनी। भारोत्तोलन में भी संस्थान के खिलाड़ियों ने पहला स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बैडमिंटन, शतरंज और कबड्डी में दूसरे संस्थानों का जलवा
महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में शिव नादर विश्वविद्यालय की टीम विजेता बनी। शतरंज में आईआईटी जोधपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पुरुष क्रिकेट में आईआईटी कानपुर की ए टीम उपविजेता रही। पुरुष हॉकी में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय ने खिताब अपने नाम किया। पुरुष कबड्डी में ओपी जिंदल विश्वविद्यालय विजेता रहा। महिला कबड्डी में सीएसजेएमयू की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में ओपी जिंदल विश्वविद्यालय दूसरे और एकेजीईसी तीसरे स्थान पर रहा। पावरलिफ्टिंग के पुरुष वर्ग में जीएलए विश्वविद्यालय विजेता बना। ओपी जिंदल विश्वविद्यालय दूसरे और आईआईआईटी दिल्ली तीसरे स्थान पर रहा। महिला पावरलिफ्टिंग में ओपी जिंदल विश्वविद्यालय ने पहला और जीएलए मथुरा ने दूसरा स्थान हासिल किया।
वरुण जैन के गीतों ने बांधा समां

समापन समारोह में खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बॉलीवुड नाइट में गायक वरुण जैन ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। उनके रोमांटिक गीतों पर छात्र-छात्राएं झूमते नजर आए। संगीत कार्यक्रम ने पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया। वहीं, ओपन एयर थिएटर (ओएटी) में आयोजित ‘मिस्टिक मेलोडीज’ कार्यक्रम में कबीर, राज प्रजापति, कृतार्थ और विवेक ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। खेलों के रोमांच के बीच संगीत की धुनों ने महोत्सव की शाम को खास बना दिया।
खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में आईआईटी कानपुर के छात्र मामलों के अधिष्ठाता (डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स) प्रतीक सेन और एसोसिएट डीन डॉ. दीपिन एस. पिल्लई मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। तीन दिनों तक चले ‘उद्घोष’ 2026 में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। मेजबान संस्थान की कई प्रतियोगिताओं में जीत और अंतिम दिन संगीत की शानदार प्रस्तुतियों के साथ महोत्सव का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

