टायर फटने से ट्रेलर में जा घुसा ट्रक, चालक-कंडक्टर घायल
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के कानपुर-फतेहपुर नेशनल हाईवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। पहले हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप चालक घायल हुआ, जबकि दूसरे हादसे में ट्रक का टायर फटने के बाद वह सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर ट्रक में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
टायर फटने से चालक ने खोया नियंत्रण
हाथीपुर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के सामने फतेहपुर-कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार ट्रक फतेहपुर की ओर से कानपुर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक का टायर फट गया। तेज रफ्तार ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व कंडक्टर केबिन में फंस गए।
क्रेन से निकाले गए चालक-कंडक्टर
हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एनएचएआई कर्मियों ने क्रेन की मदद से ट्रक में फंसे चालक राजा पुत्र मनीष निवासी चौबेपुर मालो, कानपुर नगर और कंडक्टर नरेंद्र पुत्र छोटेलाल निवासी प्रेमपुर, थाना रूरा, कानपुर देहात को बाहर निकाला।
दोनों को 108 एंबुलेंस से मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय, रामादेवी भेजा गया। पुलिस के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल ठीक है। हादसे की जानकारी उनके परिजनों को भी दे दी गई है।
पहले हादसे में पिकअप चालक घायल
इसी दौरान महाराजपुर क्षेत्र में एक अन्य सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप चालक घायल हो गया। पुलिस ने उसे भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
एनएचएआई की क्रेन से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे हटवाने के बाद यातायात सुचारु कराया गया।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि सड़क हादसों में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

