स्थापना दिवस पर सजी हथियारों की प्रदर्शनी, तोप से लेकर मिसाइल तक दिखाए गए रक्षा उपकरण

कानपुर। एडवांस्ड वेपंस एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (पूर्व लघु शस्त्र निर्माणी) के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर कानपुर में हथियारों और रक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई है। अर्मापुर स्थित समाज सदन में आयोजित प्रदर्शनी में रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के हथियार और उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं।
प्रदर्शनी में बम शेल यानी तोप के गोले, मिसाइल, तोप, गन, कार्बाइन, मशीन गन और रिवाल्वर समेत कई तरह के हथियार रखे गए हैं। प्रदर्शनी में पहुंचने वाले लोगों को रक्षा उत्पादन और हथियार निर्माण से जुड़े उपकरणों को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।
छठवें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित इस प्रदर्शनी में देश की रक्षा जरूरतों के लिए तैयार किए जाने वाले विभिन्न हथियारों और उपकरणों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में आधुनिक हथियारों के साथ अलग-अलग श्रेणी के रक्षा उपकरण भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार, स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के तहत प्रदर्शनी का उद्देश्य संस्थान की कार्यप्रणाली, रक्षा उत्पादन में योगदान और यहां तैयार किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों से लोगों को परिचित कराना है। प्रदर्शनी में रखे हथियारों और रक्षा उपकरणों को देखने के लिए लोगों में भी उत्सुकता दिखाई दे रही है।

