लखनऊ से दिल्ली-मुंबई के लिए 8 स्पेशल ट्रेनें:6 नई शुरू होंगी, 2 ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे
लखनऊ। दिवाली और छठ के बाद ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने आठ विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इनमें दो पहले से संचालित ट्रेनों के एक-एक अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं, जबकि छह नई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनका संचालन 18 से 22 नवंबर के बीच होगा। इससे गोरखपुर, छपरा और मऊ से दिल्ली, मुंबई और उधना जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
दो ट्रेनों के एक-एक फेरे बढ़ाए
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल (01041/01042) का एक अतिरिक्त फेरा चलेगा। ट्रेन नंबर 01041 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 19 नवंबर को रवाना होगी। वापसी में ट्रेन नंबर 01042 गोरखपुर से 21 नवंबर को चलेगी।
इसी तरह हडपसर-गोरखपुर स्पेशल (01457/01458) का भी एक अतिरिक्त फेरा निर्धारित किया गया है। ट्रेन नंबर 01457 हडपसर से 20 नवंबर और वापसी में 01458 गोरखपुर से 22 नवंबर को रवाना होगी।
छपरा और दिल्ली के लिए भी स्पेशल ट्रेनें
इसके अलावा छपरा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल (05057/05058) और गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल (05051/05052) का संचालन 19 और 20 नवंबर को किया जाएगा। रेलवे के मुताबिक त्योहार के बाद यात्रियों की वापसी के चलते ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ हो रही है। इसे देखते हुए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।


