स्टेपनी चोरी के आरोप में पकड़ा, मारपीट और जेल भेजने की धमकी का आरोप; जंगल में मिला किशोर का शव

स्टेपनी चोरी के आरोप में पकड़ा, मारपीट और जेल भेजने की धमकी का आरोप; जंगल में मिला किशोर का शव

घर से करीब 10 किलोमीटर दूर पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने लोडर मालिक पर लगाए आरोप

कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही निवासी 12 वर्षीय किशोर का शव मंगलवार देर रात सजेती के जंगल में पेड़ से लटका मिला। किशोर के परिजनों का आरोप है कि लोडर की स्टेपनी चोरी के मामले में पकड़े जाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और जेल भेजने की धमकी दी गई थी। इससे डरकर वह घर से निकल गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने अभी तक मामले में तहरीर नहीं दी है।

स्टेपनी चोरी के आरोप में पकड़ा था किशोर

कर्रही निवासी अनीता मजदूरी करती हैं। उनका 12 वर्षीय छोटा भाई शिवा अपनी मां लक्ष्मी देवी और भाई राज के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को शिवा एक अन्य किशोर के साथ ठाकुर चौराहे के पास खड़े लोडर की स्टेपनी खोलने के मामले में पकड़ा गया था। आरोप है कि दोनों स्टेपनी निकालकर कबाड़ी को बेच आए थे। स्टेपनी गायब होने पर लोडर मालिक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी थी, जिसमें चोरी की घटना कैद होने की बात सामने आई।

अनीता का आरोप है कि फुटेज के आधार पर लोडर मालिक ने पहले दूसरे किशोर को पकड़ा। पूछताछ में शिवा का नाम सामने आने पर उसे भी पकड़ लिया गया। आरोप है कि इसके बाद शिवा के साथ मारपीट की गई और उसे जेल भिजवाने की धमकी दी गई। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से शिवा काफी डरा हुआ था।

मां फोन करती रही, घर लौटने को तैयार नहीं हुआ

परिजनों ने बताया कि घबराया शिवा सजेती में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर जाने की बात कहकर निकल गया था। उसके साथ रहने वाली बहन किरण ने उसे समझाया कि वह घर लौट आए, उसे कोई कुछ नहीं कहेगा। मां लक्ष्मी देवी ने भी कई बार फोन कर उसे घर बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं हुआ। परिजनों को उम्मीद थी कि वह बड़ी बहन के घर पहुंच जाएगा, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचा।

जंगल में पेड़ से लटका मिला शव

मंगलवार रात करीब आठ बजे जंगल की ओर से गुजर रहे राहगीरों ने पेड़ से लटका किशोर का शव देखा। उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सजेती थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान किशोर के पास मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

सजेती थाना प्रभारी अनुप भारती ने बताया कि किशोर के लोडर की स्टेपनी चोरी करने के मामले में पकड़े जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद वह डर के कारण सजेती में रहने वाली अपनी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान जंगल में उसका शव फंदे से लटका मिला। राहगीरों ने 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी थी।

थाना प्रभारी के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। किशोर की मौत के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *