राष्ट्रीय एकता दिवस पर कानपुर में होंगे विविध आयोजन, निकलेगी रन फॉर यूनिटी
सरदार पटेल की जयंती पर सरकारी कार्यालयों में दिलाई जाएगी एकता की शपथ, विद्यालयों में होंगी प्रतियोगिताएं
कानपुर नगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न संगठनों की ओर से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई जाए। विद्यालयों में प्रातःकालीन सभाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और देश के निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के अलावा राष्ट्रीय एकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए पुलिस विभाग समेत संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी सौरभ सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देशी रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। राष्ट्रीय एकता दिवस उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करने के साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है।
उन्होंने अधिकारियों से शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी करने और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


