शराब पीने को लेकर बड़े भाई से विवाद, शिक्षक ने फंदे से लटककर दी जान
मां आरती के लिए बुलाने कमरे में पहुंचीं तो फंदे पर लटका मिला बेटा, चकेरी के अहिरवां की घटना
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां में बुधवार रात एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। बताया गया कि शिक्षक शराब के नशे में घर पहुंचा था, जहां शराब पीने को लेकर बड़े भाई से उसका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। कुछ देर बाद मां आरती के लिए बेटे को बुलाने कमरे में पहुंचीं तो उसे फंदे पर लटका देखकर चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पारिवारिक विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
अहिरवां निवासी सुरेश चंद्र निजी नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी राधा और दो बेटे अमन व सुधांशु निषाद (22) थे। परिजनों के मुताबिक, सुधांशु महाराजपुर के तिलसहरी स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक था। बुधवार शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर बड़े भाई अमन से उसकी कहासुनी होने लगी। बताया गया कि शराब पीने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों भाइयों के बीच हाथापाई हुई। विवाद के बाद सुधांशु अपने कमरे में चला गया। कुछ समय बाद उसने कमरे में चादर से फंदा लगा लिया।
आरती के लिए बुलाने गईं मां, बेटे को फंदे पर देखा
रात में घर पर आरती की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान मां राधा बेटे को बुलाने के लिए उसके कमरे में पहुंचीं। वहां सुधांशु को फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग दौड़कर कमरे में पहुंचे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। चकेरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


