ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी और स्वच्छता योजनाओं को गति देने के निर्देश, 590 पंचायतों में संचालित हो रहे आरआरसी
प्रमुख सचिव पंचायती राज ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन करने पर दिया जोर
कानपुर नगर। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रमुख सचिव पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश शासन रविंद्र ने रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनपद के 10 विकास खंडों की 590 ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने और निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, कचरा प्रबंधन, पंचायत सचिवालयों के संचालन और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
111 ग्राम पंचायतों में बन रही डिजिटल लाइब्रेरी
समीक्षा के दौरान बताया गया कि नौ विकास खंडों की 111 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 72.31 लाख रुपये के फर्नीचर और 64.50 लाख रुपये की पुस्तकों की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। सभी 111 ग्राम पंचायतों के डिजिटल फोल्डर भी तैयार हो चुके हैं, जबकि 44 पंचायतों में आईटी उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं।
प्रमुख सचिव ने शेष 67 ग्राम पंचायतों में जल्द उपकरण उपलब्ध कराने और लाइब्रेरी का नियमित संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पुस्तकालयों को बच्चों और युवाओं की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन के बेहतर अवसर मिल सकें।
कचरा प्रबंधन से 86.71 लाख रुपये की आय
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा में सामने आया कि जनपद की सभी 590 ग्राम पंचायतों में रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) संचालित हैं। इनके माध्यम से अब तक 86.71 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ओएसआर पोर्टल पर 21.54 लाख रुपये से अधिक राजस्व सृजन के साथ कानपुर नगर मंडल में प्रथम स्थान पर है।
बिल्हौर देहात और रमईपुर स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों में क्रमशः 45.5 टन और 19.66 टन प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया गया है। इससे 1.32 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। प्रमुख सचिव ने ‘सेल योर प्लास्टिक’ अभियान और सात स्थानों पर ट्रैश बूम स्थापित करने की प्रगति की भी जानकारी ली।
व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के पांच हजार के लक्ष्य के सापेक्ष 3,985 लाभार्थियों को पहली और 2,362 लाभार्थियों को दूसरी किस्त का भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों के आवेदनों का सत्यापन कर नियमानुसार भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन उपस्थिति में प्रदेश में चौथे स्थान पर कानपुर
पंचायत सचिवालयों की समीक्षा में बताया गया कि 571 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 59,375 लेनदेन किए गए हैं। इनमें अक्टूबर माह के 5,839 लेनदेन शामिल हैं।
पंचायत सहायकों की ऑनलाइन उपस्थिति 82.93 प्रतिशत दर्ज की गई है, जिसके साथ कानपुर नगर प्रदेश में चौथे स्थान पर है। प्रमुख सचिव ने इसमें और सुधार लाने तथा पंचायत सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को बेहतर डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
बैठक में पंचायत उत्सव भवनों, बहुउद्देशीय पंचायत भवनों और अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। गोपालपुर नर्वल और महाराजपुर में पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि डोभा और नदीहा बुजुर्ग में निविदा प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक पंचायत उत्सव भवन की निर्माण लागत 1.41 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
इसके अलावा प्रशासक काल में 154 ग्राम पंचायतों के 645 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है, जिनकी कुल लागत 20.21 करोड़ रुपये है। वहीं वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक के 2,809 लंबित ऑडिट प्रस्तरों में से 1,208 का संतोषजनक निस्तारण किया जा चुका है।
प्रमुख सचिव रविंद्र ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और सरकारी धन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ डिजिटल सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर बन सकें।


