इंस्टाग्राम की दोस्ती सात फेरों तक पहुंची, सजेती थाने के मंदिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी

इंस्टाग्राम की दोस्ती सात फेरों तक पहुंची, सजेती थाने के मंदिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी

एक साल पहले सोशल मीडिया पर हुई थी मुलाकात, छह महीने पहले घर से चली गई थी युवती; दोनों परिवारों की सहमति से संपन्न हुआ विवाह

कानपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती आखिरकार शादी के बंधन में बदल गई। इंस्टाग्राम पर करीब एक साल पहले शुरू हुआ प्रेम प्रसंग गुरुवार शाम सात फेरों तक पहुंच गया। सजेती थाने के बाहर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में युवक-युवती ने दोनों परिवारों की सहमति से विवाह रचा लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन मौजूद रहे और उन्होंने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

जानकारी के अनुसार, सजेती थाना क्षेत्र के बीरबल अकबरपुर गांव निवासी शिवदेवी (23) पुत्री स्व. सेवक और फतेहपुर जिले के भागलपुर अमौली निवासी उदयभान (23) पुत्र ओमकार के बीच करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। करीब छह महीने पहले युवती घर से चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर सजेती थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच महिला हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक रवि शर्मा कर रहे थे। सर्विलांस टीम की मदद से युवती की लोकेशन महाराष्ट्र में मिली थी।

थाने में परिवारों के बीच बनी सहमति

इसके बाद युवक और युवती को उनके परिजनों के साथ सजेती थाने बुलाया गया। यहां दोनों ने परिजनों के सामने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने और शादी करने की इच्छा जाहिर की। दोनों की सहमति जानने के बाद परिवारों ने भी विवाह के लिए रजामंदी दे दी। गुरुवार शाम परिजन दोनों को थाने के बाहर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर ले गए। यहां वैदिक रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। युवक-युवती ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर साथ निभाने का संकल्प लिया। शादी के दौरान मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

थाना प्रभारी बोले

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि युवक और युवती ने थाने के बाहर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में परिजनों की मौजूदगी और सहमति से विवाह किया है। मामले की जानकारी पुलिस को भी मिली थी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *