28 स्टॉलों में दिखा लघु भारत, बच्चों ने बाल मेले में पेश की ‘विविधता में एकता’ की मिसाल
400 से अधिक लोगों की रही सहभागिता, बच्चों ने खुद संभाली खरीद-बिक्री से लेकर स्टॉल संचालन तक की जिम्मेदारी

मिट्टी के खिलौने बनाते बच्चे बिहार के पारंपरिक परिधान में आनंद लेती बेटियां
उन्नाव। एक ही परिसर में देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, परंपराएं, वेशभूषा और खान-पान की झलक देखने को मिली तो विद्यालय परिसर लघु भारत में तब्दील हो गया। बाल दिवस पर उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा, औरास में आयोजित विद्यालय बाल मेला-2026 बच्चों की रचनात्मकता और उद्यमशीलता का अनूठा उदाहरण बना। ‘विविधता में एकता’ की थीम पर आयोजित मेले में 28 स्टॉलों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया। आयोजकों के अनुसार, प्रदेश में इस तरह की अवधारणा पर आधारित यह अपनी तरह की पहली पहल रही।
मेले का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा स्वयं तैयार और संचालित किए गए स्टॉल रहे। विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने वहां के प्रसिद्ध व्यंजन तैयार कर आगंतुकों को परोसे। छोला-कचौड़ी, फ्रूट चाट, फास्ट फूड और क्षेत्रीय पकवानों के साथ किराना सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए। इसके अलावा मिट्टी के बर्तन, हांडी, कुल्हड़ और खिलौनों के जरिए पारंपरिक शिल्पकला की झलक दिखाई गई। बच्चों के लिए बनाए गए गेम जोन ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
इस मेले की खासियत यह रही कि बच्चों ने केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ही नहीं दीं, बल्कि पूरे आयोजन की जिम्मेदारी भी संभाली। उन्होंने स्टॉल के लिए सामग्री जुटाने, सजावट करने, उत्पाद तैयार करने, उनकी कीमत तय करने और बिक्री करने तक का काम खुद किया। इससे बच्चों को व्यवहारिक रूप से व्यापार और प्रबंधन की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए स्टॉल तैयार कराने में सहयोग किया। मेले में करीब 400 से अधिक अभिभावकों, ग्रामीणों और बच्चों ने सहभागिता की। आकर्षक परिधानों और सजे हुए स्टॉलों के बीच लोगों ने जमकर सेल्फी और तस्वीरें भी खिंचवाईं।
शैक्षिक गतिविधियों में ‘मेरा भारत पासपोर्ट’ विशेष आकर्षण रहा। इसके तहत 35 बच्चों ने भारत दर्शन पासपोर्ट बनवाया और सभी स्टॉलों का भ्रमण कर विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विशेषताओं की जानकारी हासिल की। प्रत्येक स्टॉल पर स्मृति-मोहर लगाने की व्यवस्था की गई थी, जिससे बच्चों के लिए यह गतिविधि रोचक और ज्ञानवर्धक बन गई।
आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 15 सदस्यीय समिति बनाई गई थी। समिति ने प्रवेश, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। पुलिस स्टाफ का भी सहयोग रहा। मेले का उद्घाटन प्रधान शिक्षिका शशि देवी एवं रमांजीत कौर ने किया। शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा और इंद्रपाल ने आयोजन के संचालन में प्रमुख भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि मेले का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ जीवन के वास्तविक अनुभवों से जोड़ना था। आयोजन के माध्यम से बच्चों ने वित्तीय साक्षरता, नेतृत्व क्षमता, संवाद, आपसी सहयोग और निर्णय लेने का व्यावहारिक अभ्यास किया। बाल मेले ने साबित किया कि बच्चों को अवसर और जिम्मेदारी दी जाए तो वे अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से बड़े आयोजन को भी सफल बना सकते हैं।


