सीएम ग्रिड की सुस्त रफ्तार पर महापौर नाराज, 30 नवंबर तक सड़क पूरी करने का अल्टीमेटम
कानपुर। सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने नाराजगी जताई। मंगलवार को उन्होंने मटका तिराहा के पास निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने मौके पर सड़क की मोटाई की माप कराई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने सड़क का काम 30 नवंबर तक पूरा करने का भरोसा दिलाया।
जोन-4 क्षेत्र में स्वरूप नगर थाने से ग्वालीन चौराहा होते हुए मटका तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का काम करीब 22 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जोन-4 मीनाक्षी अग्रवाल ने महापौर को बताया कि परियोजना की निर्धारित समय सीमा 25 सितंबर 2026 को समाप्त हो रही है। हालांकि, निविदादाता ने सड़क का काम पूरा करने के लिए दो महीने का अतिरिक्त समय मांगा है।
आईआईटी कानपुर से कराई जाएगी गुणवत्ता की जांच
महापौर ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता को सड़क की गुणवत्ता की जांच आईआईटी कानपुर से कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन सड़क की पर्याप्त तराई कराने को भी कहा, ताकि सड़क की मजबूती प्रभावित न हो।
महापौर ने कहा कि सड़क का उद्घाटन हुए एक साल से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
बारिश से पहले पूरा हो सकता था काम
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि सड़क निर्माण का काम बारिश शुरू होने से पहले ही पूरा कराया जा सकता था, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध करा रही है, इसके बावजूद कार्यों में देरी से जनता को परेशानी हो रही है। अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि भी प्रभावित होती है।
सड़क के साथ फुटपाथ भी पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने ठेकेदार को निर्देश दिया कि जिस हिस्से में सड़क का निर्माण पूरा हो, उसी के साथ फुटपाथ का निर्माण भी पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ को अलग-अलग समय पर अधूरा छोड़ने के बजाय दोनों कार्य समानांतर रूप से पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सीएम ग्रिड योजना में कई स्थानों पर सड़क की तुलना में फुटपाथ अधिक चौड़ा बनाए जाने के सवाल पर महापौर ने कहा कि मटका तिराहा क्षेत्र में भी ठेकेदार की ओर से फुटपाथ को अधिक चौड़ा करने की योजना थी। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से मना किया था। महापौर ने निर्माण कार्य में निर्धारित डिजाइन और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

