केशवपुरम में मैक्स शोरूम वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 लोग फंसे; सभी को सुरक्षित निकाला

केशवपुरम में मैक्स शोरूम वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 लोग फंसे; सभी को सुरक्षित निकाला

कानपुर। कल्याणपुर के केशवपुरम इलाके में शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे कपड़ों के मैक्स शोरूम वाली तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग की लपटों और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर जेप्टो का कार्यालय और बेसमेंट में उसका गोदाम है, जबकि पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर मैक्स का शोरूम संचालित है। बिल्डिंग के बगल में सनब्रीड होटल भी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग जेप्टो के गोदाम से शुरू हुई, जो देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई।
आग की चपेट में आने से मैक्स शोरूम के चार कर्मचारी और होटल में ठहरे पांच यात्री बिल्डिंग के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बेटे को बचाने पहुंची मां, सुरक्षित बाहर आते ही लगाया गले
आग की सूचना मिलने पर एक महिला भी घटनास्थल पर पहुंच गई। उसका बेटा होटल में अपने दोस्त के साथ ठहरा हुआ था। बिल्डिंग में आग की जानकारी मिलने के बाद महिला घबराकर रोने लगी और लगातार अपने बेटे की सलामती की दुआ करती रही। कुछ देर बाद जब उसका बेटा सुरक्षित बाहर निकला तो महिला ने उसे देखते ही गले लगा लिया। मां-बेटे का यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *